पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जमीन के आवंटन पत्र नहीं बनने से नाराज संभागायुक्त बोले

जमीन के आवंटन पत्र नहीं बनने से नाराज संभागायुक्त बोले

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
काम पूरा करने के बाद ही कर्मचारी घर जाएंगे
साधु-संतों को सिंहस्थ में पड़ाव के लिए दी गई जमीनों के आवंटन पत्र तैयार नहीं होने पर शुक्रवार को संभागायुक्त डॉ. रवींद्र पस्तौर नाराज हो गए। वे मेला कार्यालय में आवंटन पत्र बनाने वाले कर्मचारियों के बीच पहुंचे और अव्यवस्था को लेकर लताड़ा। उन्होंने पूछा आवंटन पत्र क्यों नहीं बन रहे तो सहायक मेला अधिकारी दीपाली जाधव ने बताया कि कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रिंटर की समस्या के कारण काम रुका हुआ है। संभागायुक्त ने उप मेला अधिकारी एसएस रावत को बुलाया और तुरंत व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि आज कोई तब तक घर नहीं जाएगा, जब तक कि सभी के आवंटन पत्र नहीं बन जाते। डॉ. पस्तौर के आदेश का पालन हुआ और शुक्रवार रात 11 बजे तक मेला कार्यालय में काम-काज चलता रहा।

जमीन आवंटन के लिए अब तक 2762 आवेदन पत्र मिले हैं। संभागायुक्त डॉ. पस्तौर के अनुसार आवंटन समिति ने सभी आवेदन पत्रों का निराकरण कर दिया है। समिति के पास अब कोई आवेदन पेंडिंग नहीं है। अब जो आवेदन प्राप्त होगें, उनका निराकरण तीन दिन में कर दिया जाएगा। विवादित मामलों में निर्मोही अखाड़े का मामला अभी नहीं सुलझा है। उन आवेदन पत्रों को निरस्त कर दिया है, जिनमें आवंटित भूखंड पर होने वाले धार्मिक या अन्य कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी थी। ये आवेदन व्यक्तिगत और संस्थाओं के हैं।

कर्मचारियों से पूछताछ करते संभागायुक्त रवींद्र पस्तौर व जानकारी देतीं सहायक मेला अधिकारी दीपाली जाधव।

मेला कार्यालय के चक्कर लगाते दिखे साधु-संत
साधु-संतों के सभी खालसों को जमीन आवंटन कर दिया है। शुक्रवार को इन सभी को आवंटन पत्र मिल जाना थे लेकिन तैयार नहीं होने से साधु-संत मेला कार्यालय के चक्कर लगाते दिखे। इससे संभागायुक्त नाराज हो गए। उन्होंने कहा सभी संबंधित कर्मचारियों के रात के खाने का बंदोबस्त भी दफ्तर में किया जाए। आज सभी आवंटन पत्र तैयार करके ही घर जाएंगे। संभागायुक्त के आदेश के चलते उप मेला अधिकारी अनिल पटवा भी रात 10 बजे तक मेला कार्यालय में डटे थे। उन्होंने बताया कि काम लगभग पूरा हो गया है।

खबरें और भी हैं...