सेवाधाम में प्रदेश का पहला अवेदना केंद्र
अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम में पांच करोड़ की लागत से प्रदेश का पहला डिडवानिया (रतनलाल) अवेदना केंद्र बनकर तैयार हो चुका है। इसमें बच्चों से लेकर वृद्धों आैर निराश्रितों की गंभीर बीमारियों का उपचार हो सकेगा। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के मुख्य आतिथ्य में रविवार को लोकार्पण होगा।
उज्जयिनी वरिष्ठ नागरिक संगठन के 30 वर्ष आैर सेवाधाम आश्रम के 27 वर्ष पूर्ण होने के साथ भामाशाह सेठ रतनलाल डिडवानिया की प्रथम पुण्य तिथि पर डिडवानिया (रतनलाल) अवेदना केंद्र का लोकार्पण एवं सुधीरभाई के 12 वर्षीय अन्न त्याग संकल्प की पूर्णाहुति महाप्रसंग का आयोजन रविवार को होगा। रविवार सुबह 11 बजे महामंडलेश्वर स्वामी प्रखरजी महाराज, अनाम प्रेम प्रमुख दादाजी (मुंबई) व दिगंबर स्वामी गंगा भारती बर्फानी बाबा के सान्निध्य में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन अवेदना केंद्र का लोकार्पण करेंगी। विशिष्ट अतिथि परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह, मप्र राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष बाबूलाल जैन, केंद्रीय सिंहस्थ समिति अध्यक्ष माखन सिंह, मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक, मप्र जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे, पद्मश्री जनक पलटा मगिलिगन व पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया होंगे।
यह मिलेगी सुविधाएं
उज्जयिनी वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष डॉ. वैदप्रताप वैदिक एवं सेवाधाम विकास परिषद के अध्यक्ष गिरीश जे. शाह (मुंबई) की ओर से समन्वयक वीरभद्र राणा ने बताया यहां जन्मजात, दिव्यांग आैर मरणासन्न बच्चे से लेकर सौ साल तक की आयु पूरी कर चुके एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित वृद्धों को सेवा सुश्रुषा हेतु रखा जाएगा। इनमें लकवा, पोलियो, कैंसर, टीबी, एचआईवी, सभी संक्रमित मरीजों की श्रेणियां शामिल हैं। पीड़ितों को यहां विशेष देखभाल, बेहतर सुविधाएं आैर सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।