पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • श्रद्धालुओं का 2 2 लाख का बीमा

श्रद्धालुओं का 2-2 लाख का बीमा

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिंहस्थ-2016 के दौरान उज्जैन में कदम रखते ही आपका 2 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा हो जाएगा। मेला प्रशासन ने महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 2 करोड़ रुपए की पॉलिसी ली है।

सिंहस्थ राज्य साधिकार समिति से निविदा पॉलिसी खरीदने की स्वीकृति मिलने के बाद बीमा कंपनी न्यू इंडिया इंश्योरेंस का चयन किया गया है। श्रद्धालुओं के साथ ही उज्जैन के स्थायी निवासियों को भी दुर्घटना बीमा के कवरेज में शामिल किया गया है। मेले में पदस्थ होने वाले सरकारी कर्मचारियों का 5 लाख रुपए का बीमा कराया गया है। खासबात यह है कि श्रद्धालु के साथ हादसा होने पर मेला प्रशासन द्वारा राशि क्लेम की जाएगी। बीमा कंपनी से भुगतान लेने के बाद इसे संबंधित तक पहुंचाया जाएगा। मेला प्रशासन ने राज्य साधिकार समिति को 5 करोड़ रुपए की पॉलिसी खरीदने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन समिति ने राशि घटाकर 2 करोड़ रुपए कर दी है। अगर 5 करोड़ रुपए मंजूर होते तो क्लेम राशि 5 लाख रुपए हो जाती।

सिंहस्थ 2016 के दौरान किए जाने वाले दुर्घटना बीमा की समयावधि 8 अप्रैल से 6 जून 2016 तक निश्चित की गई है। दुर्घटना होने की स्थिति में सभी आवश्यक कागजी कार्यवाही मेला प्रशासन द्वारा की जाएगी। इसके लिए मृत्यु प्रमाण पत्र, एफआईआर की प्रति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट शामिल है। दुर्घटना बीमा में पंचक्रोशी यात्रा के दौरान पूरा मार्ग कवर किया गया है।

सिंहस्थ में 5 करोड़ लोगों का आना संभावित है। अनुमान है कि हर दिन 20 लाख से ज्यादा लोग मेला क्षेत्र में रहेंगे। भीड़ प्रबंधन सहित यात्रियों की सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं। एहतियातन बीमा भी कराया जा रहा है। ताकि कोई हादसा होने पर इसका लाभ मिल सके। -अविनाश लवानिया,मेला अधिकारी

24 घंटे चलेगा कला उत्सव
सिंहस्थ महाकुंभ में कला उत्सव 24 घंटे मनाने का फैसला लिया गया है। इस दौरान विदेशियों के साथ दलित कलाकारों को मौका मिलेगा। इसके अलावा दिव्यांग प्रतिभाएं और राष्ट्रीय छात्रवृत्ति प्राप्त सामान्य कलाकार भी हिस्सा ले सकेंगे। कला उत्सव के लिए उज्जैन में चार विशेष मंच बनाए जा रहे हैं, जहां सूर्योदय से सूर्योदय तक लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मोबाइल एप तैयार होगा, इमरजेंसी बटन भी होगा
सिंहस्थ 2016 के दौरान पूरा क्षेत्र वाई-फाई होगा। इसकी कनेक्टिविटी सेटेलाइट टाउन से लेकर सिंहस्थ क्षेत्र तक उपलब्ध रहेगी। मेले में आने वालों के लिए एक मोबाइल एप भी तैयार किया जा रहा है।

जिसमें सिंहस्थ पर्व के स्नान , अखाड़ों,दार्शनिक स्थलों की जानकारी और उनके नक्शे आदि तो रहेंगे ही, साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमें इमरजेंसी बटन भी डाला जाएगा। जिससे आपात स्थिति में इस बटन को दबाने से उनकी लोकेशन व फोन नंबर सीधे सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंच जाएगा।

खबरें और भी हैं...