- Hindi News
- माधव क्लब रोड पर तीन बदमाशों ने युवक को रोककर चाकू घोंपे
माधव क्लब रोड पर तीन बदमाशों ने युवक को रोककर चाकू घोंपे
माधवक्लब रोड पर शिप्रा रेसिडेंसी के वैटर को तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू मार दिए। युवक पर शराब के लिए रुपए नहीं देने पर हमला किया है। घटना में युवक गंभीर घायल हो गया। बुधवार देर रात घटना का पता चलते ही नीलगंगा पुलिस ने जांच शुरू कर दी। विष्णुपुरा निवासी दिलीप पिता मोहनलाल राठौर (32) शिप्रा रेसिडेंसी में काम करता है। उसे परिजनों ने बुधवार देर रात गंभीर हालत में पाटीदार अस्पताल में भर्ती कराया है। रात करीब 3.30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां दिलीप ने बयान में बताया कि वो रात करीब 11.30 बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसे रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे। उसने रुपए नहीं दिए तो बदमाश उसे चाकू मारकर सफेद एक्टिवा से फरार हो गए। टीआई योगेंद्र सिंह सिसौदिया ने कहा दिलीप को सिर कमर में चार चाकू लगे हंै। जांच के बाद घटना की हकीकत का पता चल सकेगा।