किसानों के लिए अवधूत बाबा ने शुरू किया यज्ञ
सिंहस्थ के लिए दिल्ली से आए जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अरुण गिरि महाराज अवधूत बाबा ने गुरुवार को बड़नगर रोड के पास शिविर स्थल पर किसानों के लिए 111 कुंडीय यज्ञ शुरू किया। उनके गुरु महामंडलेश्वर पायलट बाबा ने यज्ञ कुंड में अग्नि प्रज्जवलित की। यज्ञ से पूर्व क्षेत्र में आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।
सुबह 10.30 बजे शुरू हुई शोभायात्रा में मुंडन कराए 21 पंडित हाथों में मिट्टी के कलश लेकर निकले। बैंड-बाजे, ढोल के साथ नृत्य करती घोड़ियां व पैदल भक्त शोभायात्रा में शामिल हुए। एक बग्घी में अरुण गिरि महाराज और पायलट बाबा बैठकर निकले तो अन्य बग्घी में महामंडलेश्वर शिवांगी व उनकी विदेशी भक्त निकली। यात्रा बड़नगर रोड से उजडख़ेड़ा, टोल नाका से होकर पुन: यज्ञशाला पहुंची। विश्राम के बाद शाम करीब 4 बजे मंत्रोच्चार के बीच पायलट बाबा ने मुख्य यज्ञ कुंड में शहद डालकर धरती से अग्नि प्रज्जवलित करते हुए किसान यज्ञ शुरू किया। भक्तों को दूध प्रसाद वितरित किया। 140 पंडित यह यज्ञ करेंगे, जो 19 फरवरी तक चलेगा। यज्ञ में विशाल चौरसिया, अमोल भटनागर, प्रणय नाटानी, ऋषि सिंह यादव सहित महाराज के सैकड़ों भक्त मौजूद थे।
यज्ञ कुंड में अिग्न प्रज्जवलित करने के बाद तैयारी करते अवधूत बाबा।