महाकाल के टेंडर को लेकर जिपं में बैठक
उज्जैन | महाकाल मंदिर में क्यू मैनेजमेंट के अंतर्गत कार्ड के जरिए प्रवेश देने के टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए कई आपत्तियां भी आई हैं। बुधवार दोपहर इसको लेकर जिला पंचायत में प्री-बिड बैठक आयोजित हुई। इसमें संबंधित आपत्तियों पर समिति के सदस्यों के बीच विचार-विमर्श हुआ। जिपं सीईओ रुचिका चौहान, महाकाल मंदिर प्रशासक आरपी तिवारी सहित अन्य सदस्य भी बैठक में उपस्थित थे। उज्जैन की दो आैर मुंबई की एक कंपनी के अलावा अन्य आपत्तियां भी आई हैं। आपत्तियों के अलावा कार्ड बनाने में लगने वाला समय, काउंटरों की संख्या पर भी विचार हुआ। निविदा जमा करने की आखिरी तारीख 18 फरवरी है।
एलबम की भस्मारती में शूटिंग सोनू निगम नहीं आए
उज्जैन | महाकाल मंदिर की भस्मारती में बुधवार को तड़के 4 बजे मुंबई से आई कैमरामेन की टीम ने एक धार्मिक एलबम के लिए शूटिंग की। मंदिर प्रबंध समिति ने इसके लिए बाकायदा अनुमति ली गई थी। शूटिंग में पार्श्व गायक सोनू निगम भी आने वाले थे लेकिन एेनवक्त पर उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। बताया जा रहा है कि देश के 12 ज्योतिर्लिंगों पर कोई नया एलबम तैयार किया जा रहा है। इसके लिए भस्मारती की शूटिंग की है।