पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कॅरियर मेले में 823 युवाओं का प्रारंभिक चयन

कॅरियर मेले में 823 युवाओं का प्रारंभिक चयन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
देवास रोड स्थित शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में बुधवार से दो दिनी कॅरियर अवसर मेले की शुरुआत हुई। पहले ही दिन दो हजार से अधिक युवाओं ने रोजगार की तलाश में मेले में प्रतिभागिता कर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपना परिचय दिया। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से आई 22 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 823 युवाओं का जॉब के लिए प्रारंभिक चयन किया।

स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की ओर से जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से इस दो दिनी कॅरियर अवसर मेले का आयोजन किया जा रहा है। कॉलेज के सभागृह में बुधवार सुबह कॅरियर अवसर मेले का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय थे। विशिष्ट अतिथि कलेक्टर व कॉलेज की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष कवींद्र कियावत थे। अध्यक्षता उच्च शिक्षा विभाग की उज्जैन संभाग अतिरिक्त संचालक एवं कॉलेज प्राचार्या डॉ. उषा श्रीवास्तव ने की। इस दौरान उपसंचालक रोजगार मनोज अग्निहोत्री एवं नियोजन अधिकारी डॉ. हरिशंकर द्विवेदी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. मालवीय ने युवाओं को प्रेरित करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी लाभ लेने की बात कही। कलेक्टर कियावत ने कॉलेज समिति को सभी कॉलेजों की बैठक बुलाकर स्मार्ट क्लास के लिए रूपरेखा तैयार करने के भी निर्देश दिए ताकि कंपनियों की मांग के अनुसार बेहतर विद्यार्थियों को तैयार किया जा सके। संचालन डॉ. दीपेंद्र रघुवंशी ने किया। आभार डॉ. अर्पण भारद्वाज ने माना। इसके बाद कॅरियर मेले में आए विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष युवाओं ने अपने बायोडाटा प्रस्तुत कर उनसे चर्चा की। इसके अलावा अलग-अलग सत्रों में युवाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं पर आधारित प्रशिक्षण व जानकारी भी दी गई। उपसंचालक रोजगार अग्निहोत्री एवं नियोजन अधिकारी डॉ. द्विवेदी ने बताया कॅरियर मेले में दो हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनमें से 823 युवाओं का प्रारंभिक चयन हुआ है। इंदौर, देवास आैर भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों से 22 कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए।

आज होगा समापन
कॅरियर अवसर मेले में गुरुवार को भी युवा शामिल हो सकेंगे। कुछ नई कंपनियों के प्रतिनिधि भी गुरुवार को इस मेले में शामिल होंगे। गुरुवार दोपहर 3 बजे मेले का समापन होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एस एंड एच इंडस्ट्रीज उज्जैन के डॉ. संजय शर्मा होंगे। विशिष्ट अतिथि कॅरियर मार्गदर्शन योजना भोपाल के निदेशक प्रो. आदित्य लूणावत, उपसंचालक रोजगार मनोज अग्निहोत्री होंगे। अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. उषा श्रीवास्तव करेंगी। यह जानकारी प्रो. अनुराग टिटोव ने दी।

रोजगार की तलाश में कॅरियर अवसर मेले में उपस्थित युवा एवं संबोधित करते डॉ. मालवीय।

खबरें और भी हैं...