अघोर तांत्रिक शिवानी दुर्गा ने चिता पर की मसानी काली पूजा
मुंबई की अघोर तांत्रिक शिवानी दुर्गा ने बुधवार रात चक्रतीर्थ में चिता स्थल पर मसानी काली पूजा की। उन्होंने कहा कि इस पूजा से सिंहस्थ पर किसी तरह का बुरा साया नहीं आएगा। चांडाल योग का असर नहीं होगा। सिंहस्थ सफल रहेगा।
करीब दो घंटे तक शिवानी दुर्गा जलती चिता पर पूजा में तल्लीन रही। उन्होंने आते ही चिता स्थल पर भाला, गंडासा, चाकू आदि निकाल कर रखे। प्याले में शराब का भोग लगाया। मंत्रोच्चारण करते हुए पूजन शुरू किया। कुछ देर बाद उन्होंने तलवार से चिता और पूजन स्थल के चारों तरफ तलवार से लक्ष्मण रेखा खींच दी और किसी को भी उसे लांघने से मना कर दिया। पूजन के दौरान मौके पर कई लोग मौजूद थे और पूजा देख रहे थे।
सिंहस्थ में पंडाल : अघोर तांत्रिक शिवानी दुर्गा का सिंहस्थ में पड़ाव लगेगा। उजड़खेड़ा जोन में उन्हें जमीन आवंटित की है। उन्होंने बताया गुरुवार को जमीन का कब्जा लेकर भूमिपूजन कर सकते हैं।
घबराएं नहीं सच को
जानें महिलाएं
पूजन के बाद शिवानी दुर्गा ने कहा कि मैं महिला हूं और श्मशान में आज इसलिए पूजा की ताकि महिलाओं के दिल से डर निकल सकें। महिलाओं को मैं कहना चाहती हूं कि वे घबराएं नहीं। सही और गलत की पहचान करना सीखे। जब हम जादू-टोने के चक्कर में पड़ते हैं तो सच से दूर हो जाते हैं तथा ठगे जाते हैं। हमें अघोर व तंत्र साधना का ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। तंत्र वेद का ही एक हिस्सा है। इसे नकारा नहीं जा सकता। इसलिए हमारी मांग है कि इसका डिग्री कोर्स होना चाहिए। विश्वविद्यालयों में इसकी पढ़ाई हो ताकि लोगों को ठगों से बचाया जा सके।
करीब दो घंटे तक शिवानी जलती चिता पर पूजा में तल्लीन रही। उन्होंने चिता स्थल पर भाला, गंडासा, चाकू आदि भी रखे।