उज्जैन पॉलीटेक्निक की संविदा शिक्षिका से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
उज्जैन पॉलीटेक्निक की संविदा शिक्षिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने कुंवारा बताकर संबंध बनाए। पीड़िता ने जब शादी करने को कहा तो आरोपी शादीशुदा निकला। शिक्षिका ने महिला थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया है।
भोपाल के वंदना नगर में रहने वाली युवती उज्जैन पॉलीटेक्निक कॉलेज में 9 मई 2015 से संविदा व्याख्याता के पद पर नौकरी कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि अगस्त में उसकी विवेकानंद कॉलाेनी निवासी नवीन पिता सुरेश शर्मा से दोस्ती हुई। उसके बाद वह उसके वेदनगर के किराए के घर पर आने जाने लगा।
युवती ने बताया कि नवीन ने मेरी मौसी से कहा वह मुझसे शादी करना चाहता है, जिस पर मौसी ने रजामंदी दे दी। इसके बाद नवीन ने शादी के धोखे में रखकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पिछले साल दिसंबर में कॉपी जांचने के लिए मैं भोपाल गई। आठ फरवरी को लौटी तो मैंने नवीन से कहा कि कोर्ट या मंदिर में शादी कर लेते हैं, जिस पर वह आनाकानी करने लगा। दबाव डालने पर नवीन ने बताया कि वह शादी शुदा है। टीआई रेखा वर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।