विरोध के बाद विभाग ने संकुलों से मांगी रिक्त पदों की जानकारी
प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद शिक्षक आैर अध्यापकों को नए स्थानों पर भेजने के लिए मंगलवार को काउंसिलिंग स्थगित होने के बाद बुधवार को शिक्षक आैर अध्यापकों ने धरना स्थगित कर दिया। इधर जिला शिक्षा विभाग ने जिले के सभी संकुल प्राचार्यों से काउंसिलिंग के लिए रिक्त पदों की जानकारी तलब की है। काउंसिलिंग की नई तारीख अभी घोषित नहीं की है।
जनशिक्षक सहित अन्य पदों पर रहे शिक्षक आैर अध्यापकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद इनका नए स्थानों पर पदांकन कर स्थानांतरण किया जाना है। विभाग ने मंगलवार को काउंसिलिंग रखी थी लेकिन सभी रिक्त पदों की सूची जारी नहीं होने के कारण शिक्षक आैर अध्यापक विरोध में उतर आए एवं सोमवार से डीईओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए, जिसके बाद मंगलवार की काउंसिलिंग को स्थगित कर दिया गया। विरोध के बाद डीईओ संजय गोयल ने जिले के सभी संकुल प्राचार्यों को पत्र भेजकर रिक्त पदों की जानकारी तलब की है। पत्र जारी होने के बाद बुधवार को जनशिक्षक मंच ने आपात बैठक बुलाकर धरना स्थगित कर दिया।
कलेक्टर से मिला
प्रतिनिधि मंडल
राज्य अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष शेख मोहम्मद हनीफ एवं जनशिक्षक मंच के संयोजक मनोहर दांगी सहित प्रतिनिधि मंडल बुधवार शाम कलेक्टर कवींद्र कियावत ने भी मिला आैर नियमानुसार काउंसिलिंग कराने की मांग की। कियावत ने आश्वासन दिया कि कार्य नियमानुसार ही करवाया जाएगा।