दिन में पारा 30 डिग्री पार, ठंड का असर कम हुआ
उज्जैन | उत्तर से आ रही ठंडी हवा का असर कमजोर पड़ने से दिन में तापमान 30 डिग्री पार हो गया है। बुधवार को दिन में तापमान 1.5 डिग्री बढ़कर 31.0 डिग्री सेल्सियस हो गया। तापमान बढ़ने से दिन में ठंड का असर काफी कम रहा। दिनभर छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवा के बावजूद मौसम में गर्माहट बनी रही। हालांकि रात के तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट आई। मंगलवार-बुधवार की रात न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शासकीय जीवाजी वेधशाला के मौसम प्रेक्षक दीपक गुप्ता ने बताया अगले 24 घंटों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।