नोटिसों के बाद धड़ों में बंटी भाजपा
भास्कर संवाददाता. उज्जैन। भाजपामें नोटिस बाजी के बाद आंतरिक कलह बढ़ गई है। एक तरफ जहां अजा कार्यकर्ताओं को एक तरफा नोटिस से रविदास समाज में हलचल है तो दूसरी तरफ भाजपा पार्षद दल में भी खलबली है। नगर भाजपा की बैठक में गो सेवा प्रकोष्ठ संयोजक और अजा कार्यकर्ताओं के बीच जातिसूचक शब्दों को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार को नगर भाजपा द्वारा अजा कार्यकर्ताओं ओमप्रकाश मोहने, सुरेश कसुमारिया और कमल को नोटिस जारी कर सोमवार को जवाब मांगे गए थे। तीनों ने सोमवार को जवाब प्रस्तुत कर दिए। इधर रविदास समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्रवंशी के साथ समाजजन भाजपा संगठन मंत्री राकेश डागोर से मिले और एक तरफा नोटिस जारी होने पर आपत्ति ली है। यदि पार्टी समाज को सम्मान नहीं देती है तो समाज 24 सितंबर को बैठक में इस पर विचार करेगा।
भाजपापार्षद दल में खलबली: पार्षदजगदीश पांचाल को ननि सम्मेलन में झाड़ू लहराने के लिए नोटिस दिया है। इससे पार्षद दल भी नाराज है। पार्षदों ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर पांचाल का समर्थन किया था। बाद में आयुक्त ने स्वास्थ्य अिधकारी को हटा दिया था।