मिठाई खाई प्रभारी मंत्री ने, फीता काटेंगे सीएम
सिंहस्थ निर्माण कार्यों का अवलोकन, मंत्री बोले- सभी काम समय सीमा में पूरे होंगे
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
महाकाल ओवरब्रिज की इंदौरगेट वाली शाखा का चौड़ीकरण कार्य करीब 11 महीने बाद पूरा हो गया है। प्रभारी मंत्री भूपेंद्रसिंह शनिवार को इसका अवलोकन करने पहुंचे तो पीडब्ल्यूडी सेतु के अधिकारी मिठाई लेकर आ गए। प्रभारी मंत्री को बताया काम पूरा हो गया है। उन्होंने उद्घाटन बाबत पूछा तो ईई शोभा खन्ना ने कहा उद्घाटन सीएम साहब करेंगे। प्रभारी मंत्री सहित सभी को मिठाई खिलाई गई। इसके बाद मंत्री ने चौड़ीकरण कार्य का अवलोकन किया।
प्रभारी मंत्री दो दिन का सिंहस्थ दौरा कार्यक्रम बनाकर शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंचे लेकिन उन्हें दो दिन का दौरा एक ही दिन में पूरा कर रात को लौटना पड़ा। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों और भाजपा के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से बात की। इसके बाद वे अलखधाम नगर सांवेर रोड पर एक संत के निवास पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बंद कमरे में बात के बाद वे फिर सर्किट हाउस लौटे और सिंहस्थ के दौरे पर रवाना हो गए।
नानाखेड़ा बस स्टैंड का दौरा करते हुए महापौर मीना जोनवाल ने बस स्टैंड की छत का अवलोकन कराया। उन्होंने प्रभारी मंत्री को सुझाव दिया कि छत को मैरिज गार्डन की तरह उपयोग किया जा सकता है, यहां छोटे और गरीब परिवारों को सुविधा मिलेगी। यहां बरात भी ठहराई जा सकती है। महाकाल ओवरब्रिज की इंदौरगेट वाली शाखा का अवलोकन करते वक्त विधायक डॉ. मोहन यादव ने सुझाव दिया कि ब्रिज की रूद्रसागर वाली नई शाखा के मोड़ का भी चौड़ीकरण होना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने चिंतामन ब्रिज और लालपुल के पास खान डायवर्सन, वन विभाग का काम, घाटों का निर्माण भी देखा। उनके साथ केंद्रीय सिंहस्थ समिति अध्यक्ष माखनसिंह चौहान, महापौर मीना जोनवाल, यूडीए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर भाजपा अध्यक्ष इकबाल सिंह गांधी आदि मौजूद थे।
किसान की समस्या: भूखी माता रोड निवासी किसान बाबूलाल मोरी ने प्रभारी मंत्री के सामने आरोप लगाया कि प्रशासन ने नपती कर हमारे कब्जे की जमीन पास के अखाड़े को दे दी है। प्रभारी मंत्री के निर्देश पर कलेक्टर कवींद्र कियावत ने किसान की समस्या सुनी।
तीन दिन में काम पूरा करो: महानिर्वाणी अखाड़े के सिंहस्थ पड़ाव स्थल बड़नगर रोड पर कान्ह डायवर्सन का काम तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। श्रीमहंत प्रकाश पुरीजी का कहना है कि 17 फरवरी को वे पड़ाव स्थल का भूमिपूजन करेंगे।
प्रभारी मंत्री मीडिया से बोले: सिंहस्थ में साधु संतों को बिजली किस दर से मिलेगी, यह तय नहीं हुआ है। नि:शुल्क बिजली केवल पड़ाव के लिए मिल सकती है, व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं। अभी सरकार को फैसला लेना है।