किन्नरों ने याद दिलाई सीएम को बोर्ड की मांग
पड़ाव स्थल का भूमिपूजन
सागर की महापौर रही किन्नर कमला बुआ ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से सवाल किया है कि वे जगत मामा बनते हैं लेकिन हमारे बच्चों के मामा क्यों नहीं बनना चाहते? उनको टीस है कि चौहान ने वादा करके भी अब तक किन्नर बोर्ड का गठन नहीं किया है। हम चाहते हैं कि किन्नर बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिले ताकि वे भीख मांगने की बजाए अच्छी जिंदगी जी सकंे।
शनिवार को यहां सिंहस्थ में लगने वाले किन्नर अखाड़े के पड़ाव स्थल का भूमिपूजन करने आई कमला बुआ ने मीडिया से कहा हमें चौहान से उम्मीद है वे इस दिशा में काम करेंगे। किन्नर बोर्ड के गठन के लिए सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। अन्य राज्यों में गठन हो चुका है। मप्र में होना बाकी है। किन्नर अखाड़े के गठन को लेकर उन्होंने कहा-हम जन्मजात साधु हैं। लोगों को आशीर्वाद देते हैं। अखाड़े का स्वरूप सखी संप्रदाय की तरह है। किन्नर अखाड़ा मजाक नहीं मोक्ष का साधन बनेगा। इसमें हम उन किन्नरों को प्रवेश दे रहे हैं जो मन, कर्म और वचन से ईश्वर आराधना करना चाहते हैं। यह एक यज्ञ है, जिसमें सभी किन्नरों को तन, मन, धन से भाग लेने का आग्रह किया है। देशभर में कई किन्नर राधास्वामी, निरंकारी, सखी और अन्य भक्ति संप्रदायों से जुड़े हैं।
मुंबई की पीठाधीश्वर ने किया पूजन: पड़ाव स्थल का भूमिपूजन कमला बुआ के साथ मुंबई से आई पीठाधीश्वर पायल माई और उनके साथी महंतों ने किया। ऋषि अजयदास महाराज व स्थानीय किन्नर भी मौजूद थे।
पूर्व महापौर कमला बुआ किन्नर अखाड़े का भूमिपूजन करते हुए।