17 लाख का टेंडर निरस्त
स्वास्थ्यविभाग की योजनाओं की प्रचार सामग्री के टेंडर पर सवाल खड़े होने के बाद उसे निरस्त कर दिया गया है। 15 सितंबर को सीएमएचओ कार्यालय में टेंडर डाले जाने के दौरान विवाद हुआ था, इस वजह से इस दिन टेंडर नहीं खोला गया था, इसके लिए 10 दिन बढ़ा दिए गए थे। स्वास्थ्य विभाग के सूत्र बताते हैं कि टेंडर निरस्त की अधिकृत घोषणा गुरुवार को हो जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए वॉल पेंटिंग, फोटोग्राफी, फ्लेक्स सहित 17 प्रकार की सामग्री का एक ही टेंडर निकाला गया था। ठेका करीब 17 लाख रुपए का है। ठेकेदारों ने नवागत सीएमएचओ डॉ.अशोक यादव के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाई गई थी। उनका आरोप था कि तय समय पर दोपहर 1 बजे तक पहुंचने के बाद भी उन्हें टेंडर फार्म नहीं डालने दिए गए।
टेंडर पेटी को सील कर दिया गया और कर्मचारी पेटी को उठाकर सीएमएचओ के कैबिन में ले गए। विवाद और आपत्ति के बाद टेंडर नहीं खोले गए थे। 25 सितंबर को टेंडर खोले जाने का निर्णय लिया गया था। सूत्रों का कहना है कि विवाद तकनीकी खामियों के चलते टेंडर को निरस्त कर दिया गया है। गुरूवार को इसकी अधिकृत घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद फिर से टेंडर बुलाए जाने पर कलेक्टर द्वारा निर्णय लिया जाएगा।