कैदी ने धमकाया, खुद को खत्म कर सबको फंसा दूंगा
उज्जैन | सेंट्रल जेल में शनिवार को इंदौर और देवास के दो बंदी भिड़ गए। आपस में गुत्थम गुत्थी होते देख प्रहरी ने बीच बचाव किया तो देवास के बंदी ने धमकाया कि खुद को खत्म कर सबको फंसा दूंगा। भैरवगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि देवास के संजय नगर निवासी रवि पिता मूलचंद और इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र के सोलंकी नगर निवासी अमित उर्फ गाेलू पिता राजकुमार खटीक शनिवार सुबह पौने नौ बजे अष्टकोण थाना के सामने एक दूसरे से विवाद कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर दोनों एक दूसरे की पिटाई करने लगे। उन्हें आपस में भिड़ता देख मुख्य प्रहरी राम सुमिरन मिश्रा बीच बचाव के लिए दौड़े। दोनों गुत्थम गुत्था होकर एक दूसरे को जान से मार डालने की धमकी दे रहे थे। बंदियों के आपस में झगड़ने की खबर लगते ही बंदी रक्षक मौके पर पहुंच गए। दोनों को एक दूसरे से अलग किया। मुख्य प्रहरी ने पुलिस को बताया कि रवि ने धमकी दी कि खुद को खत्म कर सबको फंसा दूंगा।
रवि चार, अमित पांच माह से बंद
पुलिस ने बताया कि रवि काफी शातिर किस्म का अपराधी है। वह इंदौर जेल में आबकारी एक्ट में बंद था। वहां से उसे आठ नवंबर 2015 को उज्जैन ट्रासंफर किया गया है। मारपीट और आर्म्स एक्ट के आरोपी अमित को भी देवास जेल से पिछले साल 28 सितंबर को शिफ्ट किया गया है।
जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए धमकी : जेल से मिली जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए बंदी अक्सर आपस में झगड़ते हैं और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हैं। हालांकि प्रशासन उनके दबाव में नहीं आता है।
सेंट्रल जेल में इंदौर-देवास के दो बंदी भिड़े