- Hindi News
- प्रचार सामग्री का टेंडर और मीडिया अधिकारी को कमेटी में नहीं रखा
प्रचार सामग्री का टेंडर और मीडिया अधिकारी को कमेटी में नहीं रखा
स्वास्थ्यविभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सामग्री के टेंडर में मीडिया अधिकारी को टेंडर कमेटी में नहीं रखा गया, जबकि प्रचार सामग्री का टेंडर होने से मीडिया अधिकारी को टेंडर कमेटी में रखा जाना आवश्यक होता है, बावजूद इसके मीडिया अधिकारी को टेंडर कमेटी से दूर रखा गया। वहीं प्रचार सामग्री के टेंडर की दो नोटशीट चलाई जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय (सीएमएचओ) में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रचार सामग्री के टेंडर बुलाए गए थे। ठेका करीब 17 लाख रुपए का है। ठेकेदारों ने नवागत सीएमएचओ डॉ.अशोक यादव के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि तय समय पर दोपहर 1 बजे तक पहुंचने के बाद भी उन्हें टेंडर फार्म नहीं डालने दिए। विवाद और आपत्ति के बाद टेंडर को 10 दिन आगे बढ़ाया है। अपर कलेक्टर पवन जैन के आदेश के बाद अब 25 सितंबर को टेंडर खोले जाएंगे। मामले में यह बात सामने आई है कि प्रचार सामग्री के टेंडर में मीडिया अधिकारी को ही टेंडर कमेटी में नहीं रखा गया। उन्हें टेंडर से दूर रखा गया। टेंडर के लिए दो नोटशीट चलाई गई थी। मामले में सीएमएचओ कार्यालय के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। वहीं अपर कलेक्टर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी पवन जैन ने मामले को संज्ञान में लिया है।