उज्जैन. प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था तथा दक्षिण मध्यक्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संजा लोकोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को लोककला यात्रा का शुभारंभ हुआ। ग्राम चकजयरामपुर स्थित केन इंटरनेशनल स्कूल में सुबह संजा एवं मांडना के बाद दोपहर में जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य औैर गीतों की प्रस्तुति से लोगों को अभिभूत कर दिया।
भैरवगढस्थित माणक चौक पर शनिवार सुबह 11 बजे संजा एवं मांडना प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद लाेककलाकार सुधीर सांखला के निर्देशन में मालवा के माच की प्रस्तुति होगी। संस्था प्रतिनिधि सूर्यदेव ओहलन ने बताया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री पारस जैन एवं निगमाध्यक्ष सोनू गेहलोत मौजूद रहेंगे।
महाराष्ट्र का बंजारा लोकगीत, गुजरात की सिद्धि धमाल, राजस्थान का कालबेलिया, डिंडोरी का सैलाकर्मा एवं मालवा का कानग्वालिया लोकनृत्य की प्रस्तुति लाेककलाकार अनिल भारती-जय खत्री समूह द्वारा पेश किए गए।
इस दौरान ग्राम चकजयराम जनजातीय महोत्सव के माहौल से सराबोर था। संचालक योगेश पाटीदार ने बताया आसपास के 11 गांवों के लोगों ने संजा एवं मांडना प्रतियोगिता में हिस्सा लिया एवं चार राज्यों के 70 कलाकारों ने लोकनृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। संस्था सचिव कुमार किशन ने बताया लोककला यात्रा का संयोजन सतीश वानखेड़े ने किया। मुख्य अतिथि कुलानुशासक डॉ.शैलेंद्र शर्मा, डाॅ. शिव चौरसिया, लाखन सिंह गेहलोत एवं विक्रमसिंह आंजना थे। संस्था अध्यक्ष गुलाबसिंह यादव, श्रुति मखाह, सतीश पाटीदार आदि ने स्वागत किया।