(विदिशा। बसस्टैंड स्थित केनरा बैंक का एटीएम। )
विदिशा। शहर के बैंकों के एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे है। एटीएम पर गार्ड तैनात नहीं रहते। रात में कैश निकालते वक्त गार्ड नहीं होने से उपभोक्ताओं में भय बना रहता है। शहर के कई एटीएम बदमाश नुकसान भी पहुंचा चुके हैं। बैंकों में रात 12 बजे के बाद जब भास्कर टीम ने शहर के सभी एटीएम की हकीकत जानी तो ये बात सामने आई कि पुलिस और बैंक किसी तरह की सुरक्षा नहीं कर रही हैं। रिपोर्टर गिरिजाशंकर तिवारी और फोटो जर्नलिस्ट मोनू शर्मा की एक रपट।
रात12.30 ओवरब्रिज: एक्सिस बैंक
रातकरीब 12.30 बजे ओवरब्रिज के पास एडीएम बंगले के सामने एक्सिस बैंक, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक के एटीएम पहुंचे तो वहां कोई गार्ड नहीं मिला। जबकि दिन में यहां गार्ड तैनात रहते हैं। इस बीच पुलिस भी मौजूद नहीं थी।
रात: 01 बजे दुर्गा नगर: आईसीआईसीआई बैंक: रात करीब बजे शहर के व्यस्ततम चौराहों में शुमार दुर्गानगर चौराहे पर आ्ईसीआईसीआई और पीएनबी बैंक के एटीएम में भी कोई गार्ड तैनात नहीं था। हालांकि एसबीआई में गार्ड मौजूद था। कॉलेज छात्र बाइक पर जाते हुए दिखे।
रात: 12.19 बजे : बस स्टैंड: केनरा बैंक एटीएम : भास्कर टीम जब रात 12.19 बजे बस स्टैंड पहुंची तो केनरा बैंक के एटीएम के पास कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। इसी बीच कुछ लोग नशे में हंगामा करते हुए निकले। यहां पुलिस का भी पाइंट है इसके बाद भी कोई गश्त करते हुए नहीं मिला।
रखना चाहिए ध्यान :'' बैंक संस्थान का दायित्व है कि वे एटीएम की सुरक्षा का ध्यान रखें। साथ ही अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाएं। कुछ दिन पहले ही एसबीआई में एक व्यक्ति के रुपए चोर पॉलीथीन से निकालकर ले गया और कैमरे में चोर का चेहरा घटिया क्वालिटी के कारण साफ नहीं आया। नागेंद्र पटेरिया, सीएसपी विदिशा।
- रात के समय एटीएम पर तैनात नहीं रहते गार्ड
- पहले भी कई बार बदमाश कर चुके हैं वारदात
- उपभोक्ताओंमें रहता है डर
- शहर में बैकों के दो दर्जन से अधिक लगे हुए हैं एटीएम ।