विदिशा| जिला अस्पताल में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। डाक्टरों की लापरवाही बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को सुबह जनरल ओपीडी से ड्यूटी डाक्टर कई घंटे तक गायब रहे। इससे मरीजों की लंबी लाइन लग गई।
लोहांगी निवासी केसरबाई, बरईपुरा की शीलाबाई सहित कई मरीजों ने बताया कि वे लोग सुबह 11 से 1 बजे तक ओपीडी में डाक्टरों का इंतजार करते रहे लेकिन कोई डाक्टर नहीं आया। इसके बाद मरीजों से सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने इस समस्या से सिविल सर्जन डा. मंजू जैन को अवगत कराया। डा. मंजू जैन ने बताया कि डा. पुनीत माहेश्वरी और डा. आरके साहू की ओपीडी कक्ष क्रमांक 18 में दोपहर 12 बजे अनुपस्थित मिले।
पूछने पर जानकारी मिली कि वे कोर्ट की पेशी पर गए थे। डाक्टरों की पेशी को लेकर पहले से ही निर्देश जारी किए गए हैं कि वे पेशी पर दोपहर 12.30 बजे के बाद ही जाएं। इस संबंध में दोनों डाक्टरों को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किए गए हैं और उसकी कापी कलेक्टर को भेजी गई है।