गांव-गांव जाकर लोगों का करते हैं रक्त परीक्षण
जिले भर में चार पहिया वाहन में अपना ईधन खर्च कर गांव-गांव, नगर-नगर जाकर नि:शुल्क रक्त परीक्षण कर संकल्प को मूर्त रूप देने वाले विकास पचाेरी ने अपना रक्त परीक्षण शिविर गुलाबगंज में लगाया। एक मिनट में रक्त की जांच कर नि:शुल्क् कार्ड बना कर देना उनकी क्षमता है।
श्री पचोरी ने बताया कि वे अब तक 55 हजार लोगों का रक्त परीक्षण कर उन्हें कार्ड प्रदान कर चुके हैं। उन्होंने यह संकल्प पूज्य पिता स्व. चतुरनारायण पचोरी एवं माताश्री उर्मिला पचोरी का नाम रोशन करने के उद्देश्य से लिया है।
देहदान का संकल्प
सात दिवसीय कैंप लगाने वाले श्री पचोरी ने बताया कि कैंप के बाद घर-घर जाकर 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का रक्त परीक्षण किया जाएगा। इसमें रक्तदाता का नाम, उसका रक्त ग्रुप तथा मोबाइल नंबर भी उपलब्ध है। ऐसी अनूठी नि:शुल्क समाज सेवा का व्रत लेने वाले विकास पचोरी विदिशा जिले में ही नहीं अपितु प्रदेश में पहले व्यक्ति है। श्री पचोरी ने बताया कि अपनी मारूति कार से गांव-गांव जाकर रक्त परीक्षण का क्रम तब तक जारी रखेंगे जब तक जिले का एक भी आदमी वंचित न रहे।