भास्कर संवाददाता|विदिशा
भास्कर संवाददाता|विदिशा
नो एंट्री के बाद भी शहर को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। दिन में कई बार शहरवासियों को जाम की समस्या से गुजरना पड़ रहा है। इससे वह परेशान हैं। वाहन चालक लंबी लाइन में लगकर जाम खत्म होने का इंतजार करते रहते हैं। शुक्रवार को रात में करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं शनिवार को भी यही हाल थे। कई जगह जाम लगा और वाहन चालक परेशान हुए। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के पुलिस और शासन के तमाम प्रयासों के बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चौपट है। पाबंदी, दुर्घटना और जुर्माने का डर किसी को नहीं। बिगड़े यातायात और प्रशासन की अनदेखी से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। खरी फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की वजह से निकलना मुश्किल है। इसके अलावा शहर की सड़कों पर दिन में कई बार वाहन फंस रहे हैं। इन दिनों बेतवा पर नए पुल का निर्माण चल रहा है। इस वजह से दिन में कई बार वाहनों की लंबी कतार लग रही है। खरी फाटक पर चल रहे आरओबी निर्माण की वजह से वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है। मंडी तरफ जाने वाले वाहन खरी फाटक पर फंसे रहते हैं। यहां देर तक गेट नहीं खुलता। वहीं इस तरफ के लोग जब ओवरब्रिज से आते हैं तो यहां भी जाम की स्थिति बन जाती है।
सुबह से शाम तक हुई परेशानी
ओवर ब्रिज, बड़ा बाजार में दिन में कई बार जाम लगा। इससे वहां सैकड़ों की संख्या में वाहन जमा होते रहे और आवाजाही में लोगों को बहुत अधिक परेशानी हुई। जाम लगने का सिलसिला सुबह से शुरु होकर दोपहर से शाम तक चलता रहा। पुलिसकर्मी मशक्कत कर बार-बार जाम को खुलवाने के प्रयास करते रहे। इस दौरान एम्बुलेंस और कई महत्वपूर्ण वाहन भी जाम में फंस गए थे। इसके अलावा भी शहर के दूसरे हिस्सों में भी जाम की स्थित बनती रही। सीएसपी नागेंद्रकुमार पटेरिया ने बताया कि वाहनों की शहर में आवाजाही बढ़ गई है। इससे ओवर ब्रिज पर बार-बार जाम की स्थिति बन रही है।
शहर में शाम के समय लग जाता है लंबा जाम, लोग होते हैं परेशान
अव्यवस्था
नो एंट्री में खड़े ट्रक को पुलिस ने कार्रवाई कर नोटिस ट्रक पर चिपकाया।
नो एंट्री के बाद भी नहीं सुधरा ट्रैफिक