चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे संविदाकर्मी
एडीएम बंगले के पास चल रहे धरने में चौथे दिन भी संविदा अधिकारी-कर्मचारी व रोजगार सहायक डटे रहे। ग्रामीण विकास विभाग एवं ग्राम रोजगार सहायक प्रदेश स्तरीय इस आंदोलन के तहत विदिशा जिले में नियमितिकरण की मांग को लेकर यह आंदोलन कर रहे हैं। इन कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से संबंधित विभागों की योजनाओं व विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों की यह हड़ताल 8 फरवरी से शुरू हुई है, जो कि 14 फरवरी तक जारी रहेगी।
गुरुवार को धरना स्थल पर मध्यप्रदेश मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रांताध्यक्ष भूपेश गुप्ता एवं सचिव उपेंद्रसिंह सेंगर पहुंचे। इन अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मांग को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा विदिशा जनपद अध्यक्ष रामदेवी ठाकुर व कांग्रेस नेता विवेक ठाकुर भी इन कर्मचारियों के बीच पहुंचे। इन्होंने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया। प्रदर्शन से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आंदोलन की वजह से जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर की अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं ठप हो गई हैं। इनमें मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, एमडीएम, डीआडीए, आरजीएस, पेंशन योजना का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। धरना स्थल पर ग्रामीण विकास विभाग एवं ग्राम रोजगार सहायक संघ के महासचिव विशाल शर्मा, अध्यक्ष दिनेश शर्मा, संजय पचौरी, रविंद्र पटेल, विष्णु शर्मा, राधारमण भार्गव, दुर्गेश शर्मा, लीलाधर शर्मा, लाखनसिंह, जितेंद्र सिसोदिया, देवेंद्र गुर्जर आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने मांगों को लेकर एडीएम निवास के पास धरना देकर प्रदर्शन किया।