(विदिशा। गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टाेरेट में घुसने का प्रयास किया)
विदिशा। गुरुवार को व्यापमं घोटाले के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा जिला कलेक्टोरेट घेराव प्रदर्शन का आयोजन किया इस दौरान दो घंटे विलंब से यह कार्यक्रम शुरू हुआ। दोपहर सवा एक बजे से एडीएम बंगले के सामने कांग्रेस की सभा शुरू हुई। करीब एक घंटे तक सभा में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने संबोधित कर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापमं घोटाला सहित फसल मुआवजा और बीमा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली जैसे कई मुद्दों पर प्रदेश के मुखिया और भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। इन नेताओं ने भाजपा के गढ़ सीएम का गृह क्षेत्र कहे जाने वाले विदिशा की दशा को लेकर सबसे सवाल खड़े किए।
हाईवे पर कांग्रेस का प्रदर्शन होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समाप्ति तक कई बार एनएच पर जाम की स्थिति बनी। इस दौरान पुलिस और ट्रैफिककर्मियों को यातायात बहाल कराने में जद्दोजहद करना पड़ी। एएसपी रायसिंह नरवरिया ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 200 जवान तैनात थे।
सभा के बाद जल्दबाजी में दिखे बड़े नेता : युवा कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव का प्रदर्शन औपचारिक रहा। मंच से भाषणों में कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने वाले प्रदेश के बड़े नेता सभा समाप्त होते ही जाने की जल्दबाजी में दिखे। कलेक्टोरेट का घेराव करने के बजाए सभा स्थल पर एसडीएम को ज्ञापन देकर बड़े नेता कारों में सवार होकर चल दिए। कुछ लोगों के आग्रह पर घेराव करने आए विधायक जीतू पटवारी वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं के साथ कुछ दूर तक ही चले, लेकिन घेराव में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ डटे रहे।
नहीं मिला मुआवजा :'' बंटीबबली फिल्म के किरदार जैसे हैं प्रदेश के सीएम और उनकी पत्नी। 12 सालों में इस क्षेत्र को सीएम ने कुछ नहीं दिया। बेरोजगारों को रोजगार और किसानों को मुआवजा तक नहीं मिलता है।'' अरुण यादव, प्रदेशअध्यक्ष कांग्रेस
32 बड़े घोटाले
''व्यापमं घोटाले में एक हजार फर्जी नियुक्ति होना स्वयं सीएम ने स्वीकारा है। इसकी सीबीआई जांच पर भाजपा सरकार तैयार नहीं है। ३२ बड़े घोटाले हुए हैं। सत्यदेवकटारे, विधानसभानेता प्रतिपक्ष
दो-दोहाथ करना होंगे : ''पटवारीसे लेकर कलेक्टर तक लूटने में लगे हुए हैं। निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं को जनता में भाजपा का सच उजागर करना होगा। बदलाव के लिए अब दो-दो हाथ की लड़ाई करना होगी।- जीतूपटवारी, विधायक।
यहां जनता को ठगा है : '' विदिशा ने पीएम, सीएम नेता प्रतिपक्ष दिया है। सीएम ने यहां की जनता को ठगा है। बेरोजगारों को रोजगार और पीडि़त किसानों को मुआवजा भी नहीं मिलता। कांग्रेस को हर स्तर पर संघर्ष करना है।'' कुणाल चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष युवा कांग्रेस।
अच्छेदिन जनता के नहीं भाजपा के लिए हैं : ''अच्छेदिन जनता के नहीं भाजपा के आएं हैं। भाजपा की 100 दिवसीय कार्य योजना की हवा उपचुनाव में करारी हार से निकल गई। चौतरफा भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है। रितुज एलिया, अध्यक्षलोस युवा कांग्रेस
खास बातें प्रदर्शन की :
-1.10 बजे बड़े नेता और जनप्रतिनिधि मंच पर आए।
-1.20 से 2.05 बजे तक चली सभा
-2.10 बजे मंच से उतरकर एसडीएम को सौंप दिया ज्ञापन।
-2.15 बजे कुणाल चौधरी के नेतृत्व में घेराव
-2.25 बजे घेराव समाप्त
-2 घंटे तक हाईवे पर रहा ट्रैफिक दबाव
-200 से अधिक पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर रहे तैनात
-अभिभाषक संघ कार्यालय का गेट तोड़ अंदर घुसे कांग्रेसी
-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे
कांग्रेस का प्रदर्शन| पहले सौंप दिया ज्ञापन, बाद में हुआ कलेक्टोरेट का घेराव
प्रदर्शन के दौरान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे जवान : प्रदर्शनको लेकर पुलिस ने खासी व्यवस्था की थी। धरना स्थल से लेकर कलेक्टोरेट तक चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। उग्र प्रदर्शन से निपटने की पुलिस की तैयारी इतनी पुख्ता थी, कि फायर ब्रिगेड तक बुलाई गई थी। करीब 100 पुलिस के जवान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए तैनात थे। एएसपी रायसिंह नरवरिया, सीएसपी एनके पटेरिया, सिविल लाइंस टीआई केएस करचुली, कोतवाली टीआई भी प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे।
एक गेट तोड़ा दूसरे पर घेराव खत्म : घेरावके दौरान जीतू पटवारी सभा स्थल से अभिभाषक संघ कार्यालय के गेट तक नजर आए। इसके बाद का घेराव प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी का रहा। कार्यकर्ताओं के साथ एक गेट पर चढ़कर कुणाल चौधरी जोरदार नारेबाजी करते रहे। जोर-आजमाईश से गेट की जंजीर टूट गई। गेट खुलते ही कार्यकर्ता कलेक्टोरेट के दूसरे मुख्य गेट की ओर पूरे जोश से बढ़ गए। इस दौरान अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।