विदिशा। दो दिन तक बारिश का दौर रहने से जिले के किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। इधर बारिश से ठंड ने भी अब जोर पकडऩा शुरू कर दिया है। दिन का तापमान जहां 24 डिग्री के आसपास स्थिर बना रहेगा, वहीं रात के तापमान में गिरावट आने की बात मौसम विभाग कह रहा है।
रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई, जबकि शनिवार की रात में विदिशा सहित आसपास के इलाकों में बारिश दर्ज की गई थी। दो तीन दिन तक बारिश का मौसम बना रहेगा। हालांकि हल्की वर्षा का अनुमान है। इसके अलावा सोमवार से कोहरा छाने की बात कही जा रही है।
सोमवार को कोहरा हल्का रहेगा, लेकिन मंगलवार को घना कोहरा छाने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। कृषि एवं मौसम विज्ञान केंद्र के तकनीकी अधिकारी एसएस तोमर ने बताया है कि कोहरे के मद्देनजर वाहन चालक सावधानी के साथ सफर करें। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में रात का तापमान 8 डिग्री तक गिर सकता है। जिले में बादल छटने से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
पानी गिरने से यूरिया की डिमांड बढ़ी : बारिश के चलते अब रबी फसलों में छिड़काव के लिए यूरिया की डिमांड बढ़ गई है। एक ओर जहां जिले में यूरिया की कमी से किसान एक-एक बोरी के लिए परेशान हो रहे हैं, वहीं प्रशासन यूरिया की कमी होने का दावा कर रहा है। सोसायटियों और निजी दुकानों पर किसानों की हर दिन भीड़ उमड़ रही है। मांग के अनुरूप किसानों को यूरिया मिलने से प्रदर्शन के हालात बन रहे हैं।
(विदिशा। रविवार की सुबह हल्की धुंध छाई रही शहर में।)