पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जब महिलाएं आगे आईं तो बननेे लगी सड़क

जब महिलाएं आगे आईं तो बननेे लगी सड़क

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
- मिर्च उत्पादक महिला किसानों को मंडी तक उपज ले जाने में होती थी असुविधा ।
सिरोंज। महिलाओं की सोच और उनके बढ़े कदमों ने गांव के लोगों को भी आगे आने के लिए प्रेरित किया है। सड़क नहीं होने की वजह से आने जाने में परेशानी हुई तो महिलाओं ने श्रमदान कर खुद सड़क बनाना शुरू कर दिया। उन्हें देखकर गांव के पुरुष भी आगे आए और गांव के विकास के लिए श्रमदान में शामिल हो गए।
ग्राम कठोतिया के मिर्ची उत्पादक स्व सहायता समूह की महिलाओं ने गांव में सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया है। खराब सड़क के कारण वे अपना माल मंडी तक ले जाने में परेशानी महसूस कर रही थी। प्रशासन से बार-बार अनुरोध का जब कोई परिणाम नहीं निकला तो महिलाओं कमर कस कर खुद ही श्रमदान करके सड़क बनाना शुरू कर दिया है।
गांव को मुख्य सड़क से जोडऩे वाली दो किलोमीटर लंबी यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। महिला स्वसहायता समूह से मिली प्रेरणा के बाद ग्रामीणों ने भी खुद मिट्टी और मुरम लाकर श्रमदान कर सड़क निर्माण शुरू कर दिया है। इस अभियान में स्व सहायता समूह की 20 महिलाएं, गांव के 30 पुरुष श्रमदान कर रहे हैं। गांव के बड़े किसानों ने अपनी ओर से दो ट्रैक्टर-ट्रालियां नि:शुल्क उपलब्ध कराई है।

क्षेत्र के ग्राम कठोतिया में जिला गरीबी उन्मूलन योजना के सहयोग से करीब तीस किसान मिर्ची उत्पादन कर रहे हैं। जिन्हें अपनी मिर्ची बाजार तक पहुंचाने के लिए गांव की जिस सड़क से गुजरना पड़ता है वह खेतों की पगडंडी से होकर निकली है।
यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस सड़क से निकलने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण प्रताप, राजू तथा लक्ष्मण ने बताया कि गत वर्ष नवंबर में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय विदिशा पहुंचकर कलेक्टर एमबी ओझा से सड़क निर्माण की मांग की थी। उस समय कलेक्टर ने जनपद पंचायत के सीईओ को गांव में सड़क निर्माण के निर्देश दिए थे।

ग्रामीण अपनी ही ट्रैक्टर-ट्रालियों से आसपास के क्षेत्रों से मिट्टी लाकर सड़क का निर्माण कर रहे है। स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा पहले सड़क की सफार्ई की जा रही है। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा ही श्रमदान कर सड़क के गड्ढों को मिट्टी से भरा जा रहा है।

ग्रामीणों की पलह सराहनीय : '' ग्राम विकास के लिए कठोतिया के ग्रामीणों की पहल सराहनीय है। पंचायत चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रशासन सड़क निर्माण में सहयोग कर सकेगा।''- चंद्रमोहन ठाकुर एसडीएम सिरोंज।