विदिशा। नगर की माटी के सपूत और बचपन बचाओ आंदोलन के प्रणेता कैलाश सत्यार्थी को बुधवार 10 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय शांति नोबेल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में बचपन बचाओ आंदोलन की विदिशा शाखा के प्रमुख और डा. कैलाश सत्यार्थी के भतीजे उमेश शर्मा ने बताया कि नोबेल पुरस्कार मिलने की खुशी में बुधवार 10 दिसंबर को शाम 6 बजकर 10 मिनट पर अस्पताल रोड आबकारी कार्यालय के सामने उनके प्रतिष्ठान के पास पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशी मनाई जाएगी।
यहां बड़ी संख्या में शहर के लोग एकत्र होंगे और खुशी मनाएंगे। इसके बाद आगामी 16 दिसंबर को डा. कैलाश सत्यार्थी विदिशा आएंगे। उनके विदिशा आगमन पर स्वागत को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही हैं। शहर के कई संगठन उनका स्वागत करने को आतुर हैं।
एसएटीआई मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन और पूर्व सांसद प्रतापभानु शर्मा पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि डा. कैलाश सत्यार्थी के विदिशा आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। डा. सत्यार्थी एसएटीआई के स्टूडेंट भी रहे हैं और बाद में यहां के प्रोफेसर भी रहे और अध्यापन भी किया।
(कैलाश सत्यार्थी)