विदिशा। नगर पालिका सिरोंज के चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सीमा राजेंद्र गोयल ने मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर मतगणना कार्य में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नगरपालिका सिरोंज में अध्यक्ष एवं पार्षद के चुनाव परिणाम में कई प्रकार की अनियमितताएं और हेराफेरी की गई है।
सीमा गोयल का कहना है कि अध्यक्ष एवं पार्षद के चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 1 में 573 मत डाले गए जबकि गणना के समय अध्यक्ष प्रत्याशी के कुल 572 मत निकले और पार्षद पद के प्रत्याशी के 574 मत निकले।
इसी प्रकार अन्य वार्डों में यही स्थिति रही है। इसके अलावा सिरोंज की 22 ईवीएम में कहीं ज्यादा तो कहीं वोट कम होना दर्शाया गया है। मतों की गणना में काफी अंतर रहा है। इस मामले में जांच कराई जानी चाहिए और राजपत्र में प्रकाशन के पहले परिणामों को निरस्त किया जाना चाहिए।
(विदिशा। एडीएम अंजू भदौरिया से शिकायत करते लोग।)