विदिशा। ग्यारसपुर थाना प्रभारी अशोक तिवारी की शिकायत एसपी से की गई है। टीआई श्री तिवारी पर जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों से अभद्रता, गाली गलोच करने का आरोप लगाया गया है। एसपी को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्यारसपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 146 के किनारे अंग्रेजी एवं देसी शराब की दुकानों को हटाने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम सभा आयोजित की गई थी। उस समय टीआई अशेाक तिवारी द्वारा लोगों से अभद्रता तथा गालीगलौज कर उन्हें ग्राम सभा में जाने से रोका जा रहा था।
जनप्रतिनिधियों से कहा जा रहा था कि मैंने अच्छे-अच्छे नेता देखे हैं, सब को दुरुस्त कर दूंगा। ग्रामीणों रघुवीरसिंह, किशोर कुमार, मनोज, बाबूलाल, रामसिंह, संजीवसिंह सहित अन्य लोगों ने अविलंब थाना प्रभारी को ग्यारसपुर से स्थानांतरित करने की मांग की है। थाना प्रभारी की शिकायत सांसद तथा विधायक से भी की गई है।