विदिशा. रीठा फाटक स्थित श्री राधादेवी परिसर में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का समापन हो गया। इस मौके पर भक्तों ने जमकर फूलों की होली का आनंद लिया। राधाकृष्ण ने भी आकर्षक नृत्य किया। इस मौके पर कथा व्यास पं. संतोष शास्त्री ऋषि ने भगवान बालकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का बखान किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंद्रिय में पूतना बसी है जो सताती रहती है। सभी इंद्रियों के द्वार बंद कर दो जिससे उसका अंदर प्रवेश ना हो। संसार के मोह जाल में फंसे हुए जन बालक ही तो हैं जिन्हें पूतना मारती रहती है। जीव के अंदर कई पाप होते हैं फिर भी कृपालु परमात्मा उससे प्रेम करता है। जब शारीरिक बल और ज्ञान खत्म हो जाते हैं तब प्रेम बल जीतता है। इस मौके पर भगवान को ५६ भोग का प्रसाद भी अर्पित किया गया।