(विदिशा। ग्रामबामनखेड़ा के पास पलटी बस और लोगों की लगी भीड़।)
विदिशा। शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे ग्राम बामनखेड़ा के पास एक पुलिया पर यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में करीब 21 यात्री घायल हुए हैं। एक घायल को भोपाल रेफर किया गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। ज्यादातर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। पांच घायल उपचाररत हैं। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा अप्रिय हालात निर्मित करने की सूचना मिलने पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया था।
खेरुआहाट से विदिशा रही एकता बस सर्विस की एक बस तेज रफ्तार से दुर्घटना ग्रस्त हुई है। बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक चालक बस को बेहद तेज गति से चला रहा था। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई है। घायलों में छोटे बच्चों से लेकर महिलाएं, बुजुर्ग एवं पुरुष सभी शामिल हैं। अधिक संख्या में यात्रियों के घायल होने जाने से अस्पताल तक लाने के लिए कई एंबुलेंस लगाई गई थीं।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे। इन ग्रामीणों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। दुर्घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। कुछ ग्रामीणों में गुस्सा इतना अधिक था कि वे बस को नुकसान पहुंचाने के मूड में नजर आए।
समय रहते पुलिस के पहुंचने से किसी तरह की कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। तहसीलदार रविशंकर राय ने बताया कि बस चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तहसीलदार के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि ऑटो चालक द्वारा सवारी बैठाने के चक्कर में बस का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इस वजह से ये दुर्घटना घटित हुई है।
ये हुए घायल : ज्यादातरघायल लश्करपुर निवासी हैं। इन घायलों में धीरजसिंह रघुवंशी (55 वर्ष) निवासी कोलिंजा, यशोदा बाई लश्करपुर, राजबाई (50 वर्ष) परस परसौरा, सोनम राठौर (16 वर्ष) लश्करपुर, फूलबाई प्रजापति पुआंरिया, आरती (14 वर्ष) छापखेड़ा, कपिल खंगार वर्ष खैरुआहाट, देवीसिंह (35 वर्ष) कोलिंजा, मोहरबाई (45 वर्ष) खेरुआ, नेहा छीपा (20 वर्ष) लश्करपुर, नवाब खां (28 वर्ष) लश्करपुर, राजबाई (40 वर्ष) लश्करपुर, हेमराज अहिरवार (20 वर्ष) लश्करपुर, सावित्रि बाई (40 वर्ष) लश्करपुर, अमरबाई अहिरवार (35 वर्ष) लश्करपुर, मुन्नीबाई खंगार (56 वर्ष) परस परसौरा आदि शामिल हैं।