भार्गव को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
भार्गव को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
विदिशा।सिरोंज नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता और समाजसेवी 92 वर्षीय श्रीकृष्ण भार्गव का बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। सैंकड़ो लोगों की मौजूदगी में स्वर्गीय भार्गव पंचतत्व में विलीन हुए। राजनीति, समाजसेवा, डॉक्टरी और वकालत के पेशे से जुड़े शीर्षस्थ लोगों ने उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी। वहीं अभिभाषक संघ और अनाज तिलहन संघ ने शोक स्वरूप आधा दिन अवकाश रखा। वकालत के पेशे में रहकर अपने कौशल, कांग्रेस में अपनी संगठन क्षमता और समाज के पीडि़त वर्ग के प्रति संवेदनशीलता के चलते वे लोगों में खासे लोकप्रिय थे। शहर के अलावा भोपाल, कुरवाई, बासौदा, सिरोंज, लटेरी, शमशाबाद, नटेरन, ग्यारसपुर और ग्रामीण अंचलों के अनेक लोग भी उनके अंतिम दर्शन के लिए जुटे। मुखाग्नि उनके पुत्र शशांक भार्गव ने दी।