- Hindi News
- मेहरबान रहे मौसम ने जगाई जिले भर में गेहूं के ज्यादा उत्पादन की उम्मीद
मेहरबान रहे मौसम ने जगाई जिले भर में गेहूं के ज्यादा उत्पादन की उम्मीद
इससाल जिले में रबी की फसलों का बेहतर उत्पादन मिलने का अनुमान है। यही वजह है कि इस बार जिले में समर्थन मूल्य पर पिछले वर्ष की तुलना में करीब सवा लाख मीट्रिक टन अधिक गेहूं खरीदी करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्ष ओला बारिश के चलते रबी की फसल बुरी तरह तबाह हो गई थी। इस प्राकृतिक आपदा से हजारों किसान बर्बाद हो गए थे। इस बार मौसम मेहरबान होने से उम्मीदें बढ़ गई हैं।
इस बार जिले में कुल 5 लाख 18 हजार हेक्टेयर में रबी सीजन की फसलें खड़ी हुई हैं। इसमें अकेले गेहूं का रकबा 2 लाख 85 हजार हेक्टेयर है, जबकि चने की फसल करीब 1 लाख 72 हजार हेक्टेयर में बोई गई है। शेष रकबे में मसूर, मटर, तेवड़ा, अलसी और अन्य जिंसों का उत्पादन लिया जा रहा है। रबी के इस पूरे सीजन में मौसम अनुकूल रहने से फसलें शानदार स्थिति में बताई जा रही हैं। किसानों को जब जरूरत थी, तब बारिश होने से सिंचाई में मुफ्त का पानी भी मिला। किसान भी खेतों में लहलहाती फसलों को देखकर खुश है। बीते साल फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में प्राकृतिक आपदा से पूरा जिला प्रभावित हुआ था। इससे फसल सहित जनजीवन पर बुरा असर पड़ा था। जिले की कई तहसीलों में सैंकड़ों घरों में नुकसान सहित, मवेशियों की मौतें हुईं, वहीं हजारों हेक्टेयर में खड़ी फसलें ओले, आंधी और तेज बारिश की चपेट में आकर बुरी तरह से बर्बाद हो गई थीं। डीडीए बीएल बिलैया ने बताया कि इस बार प्रति हेक्टेयर 30 क्विंटल गेहूं का उत्पादन होने का अनुमान है।
२२ तक होगा सत्यापन
^समर्थनमूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए जिले के पंजीकृत किसानों का सत्यापन २२ फरवरी तक होगा। खरीदी की तैयारी चल रही है। एमकेश्रीवास्तव, जिला आपूर्ति अधिकारी