बुजुर्गों से संवाद स्थापित करेगी पुलिस
बुधवारको विश्व मानव अधिकार दिवस पर उत्कृष्ट स्कूल में संगोष्ठी हुई। इस का विषय वृद्धजनों के अधिकार रखा गया था। इस मौके पर एसपी धर्मेंद्र चौधरी का कहना था कि पुलिस विभाग वृद्धजनों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से प्रयासरत है।
उन्होंने कहाकि आप बुजुर्गों की सेवा करोगे तो बच्चे भी आपकी सेवा करेंगे। उन्होंने कहाकि विदिशा जिले में थानावार वृद्धजनों की जानकारी एकत्रित की जाएगी ताकि उनसे समय-समय पर संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य सुरक्षा से अवगत हो सकें। यह कार्य सामाजिक सहयोग से ही संभव है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ चन्द्रमोहन मिश्रा ने कहा कि वृद्धजनों के संरक्षण की जबावदेही समाज के हर वर्ग की है। वृद्धजन शारीरिक रूप से कमजोर होने पर ही सहायता भरी निगाहों से समाज की तरफ टकटकी लगाते हैं। ऐसे समय समाज का हर वर्ग उनकी मदद के लिए तत्पर रहे। हम सबको इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि वृद्धजनों के भीतर की ताकत कम हो सकती है परन्तु उनके पास अनुभव का जो भंडार है वह उनकी ताकत को और बढ़ाता है। वरिष्ठ समाजसेवी मोहन बाबू अग्रवाल ने वृद्धों के महत्व को रेखांकित किया। इस मौके पर चारुलता सक्सेना, आयोग मित्र अतुल शाह, विद्या यादव, चन्द्रमोहन अग्रवाल आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन दीप्ति शुक्ला ने किया।
विदिशा। विचारसंगोष्ठी का शुभारंभ करते अतिथि।