( विदिशा। पुलिस नहीं पहन रही हेलमेट। इनको भी नहीं आदेश की परवाह। )
विदिशा। हेलमेट लगाने को लेकर हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। शहर में दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहन रहे हैं। इससे लगातार दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। यहां तक कि नियमों का पालन कराने वाले पुलिस के जवान भी हेलमेट लगाने के नियम का पालन नहीं करते हैं और बेधड़क होकर बिना हेलमेट पहने ही दोपहिया वाहनों में सफर करते हैं।
जब पुलिस कर्मचारी ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आखिर आम जनता को कायदे-कानून का पाठ कौन पढ़ाएगा। पिछले दो सालों में बिना हेलमेट पहने सफर करने वाले 25 दोपहिया वाहन चालक काल के गाल में समा चुके हैं। पुलिस विभाग यदि कड़ाई से नियमों का पालन करवाए तो निश्चित रूप से हेलमेट पहनने वाले लोगों की संख्या में इजाफा होगा।
विभाग के पास आए थे आदेश: दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य संबंधी आदेश हाईकोर्ट जबलपुर द्वारा पिछले महीने जारी किए गए थे। इस संबंध में आदेश की कापी भोपाल पुलिस मुख्यालय सहित सभी जिला मुख्यालयों में पुलिस अधीक्षकों को भी प्राप्त हुई थी। एसपी आफिस से इस संबंध में हेलमेट अनिवार्य किए जाने संबंधी समाचार भी मीडिया में जारी किया गया था। एक महीने में दो बार इस प्रकार के समाचार एसपी कार्यालय से प्राप्त हुए हैं लेकिन शहर में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किए जाने संबंधी कोई भी पहल अभी तक नहीं की गई है।
लोगोंमें है जागरुकता की कमी: हेलमेट पहनने को लेकर लोगों में जागरुकता की कमी दिखाई देती है। प्राय: देखने में आता है कि अधिकांश दोपहिया वाहन चालक इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। बिना हेलमेट के वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है फिर भी लोग स्वेच्छा से हेलमेट पहनना पसंद नहीं करते हैं। इसके लिए यदि अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए तो निश्चित तौर पर लोगों में हेलमेट पहनने को लेकर प्रोत्साहन मिलेगा।
कराएंगे पालन
'' हाईकोर्ट से मिले आदेशों के संदर्भ में विदिशा जिले में भी दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में लोगों को जागरुक किया जाएगा। लोगों को नियमों के संबंधी में भी जानकारी दी जाएगी। सफर में सिर को सुरक्षित रखने के लिए हेलमेट पहनना अति आवश्यक है। आरएस नरवरिया, एएसपी
नियम का पालन कराने वाले ही नहीं पहन रहे हेलमेट
पुलिस कर्मचारी भी नहीं पहनते हेलमेट
दो साल में हो चुकी हैं 25 मौतें
इन्हें नहीं नियमों की परवाह
- पुलिस के कर्मचारी भी दोपहिया वाहन चलाते समय नहीं पहनते हेलमेट ।
- हेलमेट के बिना दो साल में हो चुकी हैं 25 लोगों की मौतें।
भास्कर फाेकस| शहर के दोपहिया वाहन चालक नहीं पहनते हेलमेट : यातायात नियमों का पालन कराने वाले पुलिस कर्मचारी भी यातायात नियमों का पालन करते हुए दिखाई नहीं देते हैं। शहर में आम नागरिकों के साथ ही पुलिस के जवान भी बिना हेलमेट के ही दोपहिया वाहन दौड़ाते हुए दिखाई देते हैं। पुलिस को भी आम नागरिकों से नियमों के पालन की अपेक्षा करने से पहले स्वयं भी नियमों का पालन करना होगा। वहीं सिर्फ चौक-चौराहों में चेकिंक अभियान चलाने से पहले पुलिस को स्कूलों और कालेजों में जाकर छात्र-छात्राओं को भी नियमों की जानकारी देनी होगी।
एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक विदिशा जिले में पिछले दो सालों में 25 दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहनने के कारण दुर्घटनाओं के शिकार हुए और सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौत हो गई। साल 2013 में 7 ऐसे लोगों की मौत हुई जो दोपहिया वाहन चलाते समय हादसे का शिकार हुए।
बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी प्रकार वर्ष 2014 में 17 दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं के शिकार हुए और अकाल ही काल के गाल में समा गए। इसमें 1 ऐसे भी व्यक्ति की मौत हो गई जो दोपहिया वाहन चालक के पीछे बैठा हुआ था और हेलमेट नहीं पहनने से उसे भी सांघातिक चाटें आई थीं।