पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अहमदपुर रोड पर करीब एक घंटे तक हुआ चक्काजाम

अहमदपुर रोड पर करीब एक घंटे तक हुआ चक्काजाम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(विदिशा। अहमदपुर रोड पर सड़क पर प्रदर्शन करते स्कूली बच्चे।)
विदिशा। सोमवार को शहर के दो प्रमुख निजी स्कूलों के बच्चों ने मनमानी फीस के विरोध में प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इतना ही नहीं स्कूल बच्चों ने अहमदपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया। इस वजह से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। स्कूली बच्चों के इस तरह आक्रोशित होने से स्कूल संचालक भी हैरान रह गए। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार रविशंकर राय मौके पर पहुंचे और बच्चों से चर्चा की। बच्चों की बात सुनकर तहसीलदार ने माना कि बच्चों के साथ मनमानी की जा रही है।
इस बात की जानकारी कलेक्टर को मिली तो वे भी गंभीर हो गए। उन्होंने आरकेएम स्कूल संचालक राजीव सिलाकारी को बुलाया और बच्चों की समस्या सुलझाने के निर्देश दिए। कलेक्टर का कहना था कि यदि बच्चों से जबरन फीस वसूली गई तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बच्चों से ज्यादा फीस लेने वाले स्कूल संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते मान्यता रद्द की जाएगी।
दोपहर में आरकेएम स्कूल के 10वीं और 12वीं के छात्रों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अहमदपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया तो वहां वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। स्कूली बच्चों का कहना था कि परीक्षा फीस के नाम पर उनसे 800 से 1500 रुपए जबरिया वसूली जा रही है। जिन बच्चों ने फीस देने से मना किया तो उन्हें क्लास से बाहर कर दिया गया। तहसीलदार रविशंकर राय और सिविल लाइंस थाना प्रभारी कमलेंद्रसिंह करचुली मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्कूली बच्चों और अभाविप कार्यकर्ताओं ने पूरी जानकारी दी। आरकेएम स्कूल संचालक राजीव सिलाकारी का कहना है कि नियमानुसार फीस वसूली जा रही है। कोई गलती नहीं है, बच्चों को गुमराह किया जा रहा है। वहीं हरिपुरा स्थित सनराइजर्स स्कूल के सामने भी छात्रों ने हंगामा किया।

कलेक्टर बोले, करेंगे एफआईआर दर्ज : इस मामले में कलेक्टर एमबी ओझा का कहना है कि आरकेएम स्कूल के संचालक को बुलाकर जबरन फीस वसूलने की सख्त ढंग से मनाही की है। यदि इसके बाद भी फीस वसूली गई तो प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। सारे निर्णय बच्चों और पालकों के हितों में लिए जाएंगे।

कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट : तहसीलदार रविशंकर राय ने बताया कि फीस वसूली के मामले में कलेक्टर एमबी ओझा ने जांच करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में जाकर बच्चों से जानकारी ली है। बच्चे जबरिया फीस के खिलाफ हैं। सोमवार को डीईओ एचएन नेमा और डीपीसी विनोद चौधरी शहर में नहीं थे। लिहाजा मंगलवार को उनसे चर्चा करके रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर को सौंपी जाएगी।
छात्रों ने किया विरोध, मनमानी फीस पर प्रशासन करेगा एफआईआर

अहमदपुर रोड पर करीब एक घंटे तक हुआ चक्काजाम।