(विदिशा। अनाज तौलने को लेकर हुआ विवाद। मामला शांत करने पहुंची पुलिस।)
विदिशा। सोमवार को कृषि उपज मंडी में अनाज की तौल में गड़बड़ी को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। ग्राम पैरवारा के एक किसान ने मंडी के एक व्यापारी और हम्माल पर तुलाई में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। तुलाई को लेकर किसान व्यापारी के बीच जमकर बहस भी हुई। हंगामे की सूचना मिलने पर मीडिया पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से व्यापारी दुकान से गायब था। किसान की शिकायत पर मंडी सचिव ने बांटों की जांच पड़ताल की। जांच में बांटों की गई कारस्तानी सामने आने पर पंचनामा बनवाया गया।
ग्राम पैरवारा के किसान रमनसिंह चौकसे का कहना था कि वह गांव से 25 क्विंटल गेहू तौलकर लाया था, लेकिन मंडी के अनाज व्यापारी मोहन ट्रेडर्स के यहां तौल में उपज महज 22.5 क्विंटल ही निकला। किसान रमनसिंह ने बताया कि जिन बांट का उपयोग उसकी उपज तौलने में किया गया था, उन्हें समान वजन के दूसरे बांटों से तौलकर देखा तो गड़बड़ी सामने गई।
किसान का कहना है कि व्यापारी के तौल कांटों पर रखे बांटों में काफी गड़बड़ी थी। बांटों में सील भी लगी होने के बावजूद वजन में अंतर था। इससे अनाज की तौल में इतना अंतर आया है। किसान का रमनसिंह का कहना था कि जब तौल की गड़बड़ी की शिकायत व्यापारी से की तो प्रलोभन देकर मामला रफा-दफा करने कोशिश की गई। रमनसिंह ने बताया कि गड़बड़ी की शिकायत करने की बात पर व्यापारी के एक आदमी ने उसे बांट फेंककर मारा।
एक वजन के दो बांटों में अंतर : मौके पर पहुंचे मंडी सचिव आरपी शर्मा को किसान ने तराजू के दोनों हिस्सों में 50-50 किलो के बांट रखकर वजन करवाया। इस दौरान पाया कि जिस ५० किलो के बांट से किसान की उपज तौली गई थी, उसका वजन दूसरे 50 किलो वजनी बांट से अधिक था। मंडी सचिव शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में बांटों में गड़बड़ी नजर आई है। उन्होंने बताया कि किसान का माल अधिक तौला जा रहा था। बांट तराजू जब्त कर पंचनामा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जांच में गड़बड़ी आने पर व्यापारी का लायसेंस निरस्त करने कार्रवाई की जाएगी।
(बांट में जालसाजी कर किसान से धोखाधड़ी।)