आश्रम की बेटी सोना को आज लगेगी मेंहदी
मुखर्जीनगरस्थित मां सुंदरदेवी सेवा आश्रम की सबसे बड़ी बेटी सोना का शुभ विवाह आगामी 12 फरवरी गुरुवार को रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर परिसर में होगा। सोना का विवाह बकतरा जिला सीहोर निवासी त्रिलोकचंद उर्फ नीलेश के संग तय हुआ है।
विवाह से पहले मंगलवार 10 फरवरी को आश्रम परिसर में ही मेंहदी की रस्म अदा की जाएगी। आश्रम परिसर में बिजली की आकर्षक साज-सज्जा की गई है। सबसे पहले सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके बाद मेंहदी की रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई जाएंगी। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मेंहदी की रस्म में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की धर्मप|ी साधना सिंह चौहान विशेष रूप से शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के भी शामिल होने की संभावना है। आगामी 12 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान अपनी पालक बेटी सोना की शादी में पूरे समय मौजूद रहकर पाणिग्रहण संस्कार करवाएंगे और मेहमाननवाजी भी करेंगे। मेहमानों को आमंत्रित करने के लिए बाढ़वाले गणेश मंदिर परिसर में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता लगातार निमंत्रण पत्र भेजने की तैयारी कर रहे हैं। जो नाम छूट गए हैं, उनका भी ख्याल रखा जा रहा है।
विदिशा में ही 2 हजार से अधिक निमंत्रण पत्रों का वितरण किया गया है। विवाह के अवसर पर होने वाले भोज समारोह में प्रदेश और देश भर से करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। आश्रम परिसर का माहौल उत्सवी हो गया है। गीत-संगीत का कार्यक्रम चल रहा है।
शादी के लिए लगने लगे टेंट।
शादी में न्योता देने निमंत्रण कार्ड लिखते कार्यकर्ता।