पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तालाब रोड का चौड़ीकरण शुरू चार करोड़ 72 लाख होंगे खर्च

तालाब रोड का चौड़ीकरण शुरू चार करोड़ 72 लाख होंगे खर्च

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तीन-तीन मीटर बढ़ाई जा रही है चौड़ाई, वाहन चालकों को होगी सुविधा

भास्कर संवाददाता| सिरोंज

एमपीआरडीसी ने तालाब रोड के चौड़ीकरण का काम बुधवार से शुरू कर दिया है। यहां सड़क की चौड़ाई 3-3 मीटर और बढ़ाई जा रही है। इसके लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। सड़क का चौड़ीकरण होने से वाहन चालकों को सुविधा हो जाएगी।

एक साल पहले तहसील रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया था। विभाग द्वारा पहले चरण में लटेरी नाके से थाना परिसर तक सड़क का चौड़ीकरण किया गया था। 4 करोड़ 72 लाख की लागत से इस सड़क की चौड़ाई दोनों ओर से तीन-तीन मीटर बढ़ाने के साथ ही दोनों ओर नाला निर्माण किया जा रहा है।

पखवाड़े भर पहले लटेरी रोड पर भी श्रम विहार तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू किया गया था। इसके बाद बुधवार से तालाब रोड़ के चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अनुबंधित एजेंसी नील घन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रतिमा के पास से सड़क की खुदाई शुरू कर दी है। खुदाई का यह काम बुधवार को भी दिनभर चलता रहा। एजेंसी द्वारा नेताजी की प्रतिमा से पुराना बस स्टैंड स्थित चौराहे तक तालाब की ओर से हिस्से की चौड़ाई तीन मीटर बढ़ाई जाएगी। इस कार्य के पूरा होने के बाद दूसरी ओर के हिस्से का काम शुरू किया जाएगा। दूसरी ओर के हिस्से की चौड़ाई जगह के आधार पर बढ़ाई जाएगी।

प्रभावित हो रहा आवागमन
तालाब रोड की खुदाई के कारण इस क्षेत्र का आवागमन भी दिनभर प्रभावित हुआ। भोपाल, लटेरी तथा इन्दौर से आने-जाने वाली बसों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। इसके साथ ही बस स्टैंड आने-जाने के लिए भी लोग इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं। खुदाई के काम के कारण बस चालकों तथा अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बीएसएनएल केबल कटने से नेटवर्क हुआ ठप
तालाब रोड की खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से बीएसएनएल की केबल भी काट दी। केबल कटने की वजह से तहसील रोड तथा मुख्य बाजार के सभी टेलीफोन तथा इंटरनेट नेटवर्क ठप हो गया। दोपहर में विदिशा से आई बीएसएनएल की टीम ने केबल जोड़ने का काम शुरू किया। यह काम दिनभर चलता रहा। मौके पर उपस्थित बीएसएनएल के कर्मचारियों ने बताया कि निर्माण एजेंसी यदि पहले सूचना दे देती तो यह स्थिति नहीं बनती। केबल टूटने की वजह से जब नेटवर्क ठप हो गए तब हमें पता चला। नेटवर्क ठप होने की वजह से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एक सप्ताह में काम पूरा
तालाब रोड के चौड़ीकरण का काम बुधवार से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल तालाब रोड के हिस्से की चौड़ाई 3 मीटर बढ़ाई जा रही है। हम एक सप्ताह में यह काम पूरा करने की कोशिश करेंगे। नवीन रघुवंशी, इंजीनियर नील घन कंस्ट्रक्शन भोपाल

तालाब रोड का काम शुरू हो गया है। इससे आने वाले समय में होगी सुविधा।

खबरें और भी हैं...