पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खाद की कमी से सड़कों पर उतरे किसान

खाद की कमी से सड़कों पर उतरे किसान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(विदिशा। रामलीलाग्राउंड में किसानों की लाइन लगवाकर बंटवाया गया यूरिया।)
विदिशा। यूरिया नहीं मिलने से जिलेभर के किसानों के सब्र का बांध टूट रहा है। लंबी कतारों में लगे किसान बेहद आक्रोशित हैं। यूरिया नहीं मिलने से किसान नाराज हो रहे हैं और शहरवासी परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार को यूरिया वितरण की सही व्यवस्था नहीं होने से रामलीला मार्केट में विदिशा-अशोकनगर स्टेट हाईवे पर नाराज किसानों ने चक्काजाम कर दिया। इस वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद पुलिस पहुंची और किसानों को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद भी किसानों को बमुश्किल शांत किया गया। दोपहर में मंडी रोड खरीफाटक पर यूरिया खरीदने ज्यादा संख्या में किसान आए। किसानों के वाहनों की वजह से जाम लग गया। इसके चलते बड़े वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया।


जिले में यूरिया की मांग करीब 29 हजार मीट्रिक टन है लेकिन अब तक जिले को 21 हजार मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हो सका है। कृषि उपसंचालक बीएल बिलैया का कहना है कि लगातार यूरिया रहा है। उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों में ही 16 हजार मीट्रिक टन यूरिया पहुंचाया गया है।

वाहनों की लगी कतार : मंडी रोड खरीफाटक पर एक निजी दुकान पर सैकड़ों की संख्या में किसान आए। किसानों ने अपने वाहन रोड पर खड़े कर दिए। इस वजह से रोड पर जाम की स्थिति बन गई। किसान हरिराम कुशवाह का कहना था कि हमें सहकारी समितियों पर यूरिया नहीं मिल रहा है इसलिए यहां आए हैं। बालुमुकंद विश्वकर्मा का कहना था कि प्रशासन का प्रबंधन यूरिया को लेकर विफल रहा।

गलत जानकारी देने का आरोप : शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पूरे जिले में यूरिया संकट है। इसके बावजूद जिला प्रशासन यूरिया उपलब्ध होने की गलत जानकारी दे रहा है। प्रशासन भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा मेहताबसिंह यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की बुनियादी जरूरतों से मुंह मोड़ लिया है।
ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र श्रीवास्तव, रणधीरसिंह ठाकुर, महेंद्र यादव, डोंगरसिंह, महेंद्र वर्मा, पंकज जैन, सुशील शर्मा, गोविंदसिंह राजपूत, रवि साहू, रमेश तिवारी, बबलू भदौरिया आदि कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

यूरिया मिलने पर भड़के किसान : रामलीलामार्केट में शुक्रवार को सुबह ही किसान यूरिया की निजी दुकान पर पहुंच गए थे। यहां सरकारी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से किसान नाराज हो गए। टोकन व्यवस्था ने आक्रोश भड़का दिया। इसके चलते किसानों ने दुकान को बंद कर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर कोतवाली टीआई राजेश तिवारी पहुंचे और किसानों को समझाइश दी।

सोसायटियों को भेजेंगे यूरिया : ''निजी दुकानों पर यूरिया वितरण में दिक्कत रही है। लिहाजा अब कोआपरेटिव सोसायटियों को यूरिया भेजा जाएगा। वहीं से किसान यूरिया ले सकेंगे। हालांकि 10 फीसदी यूरिया की कमी है।'' एमबी ओझा, कलेक्टर विदिशा

कमी से संकट में किसान
'' यूरियानहीं मिलने से किसान संकट में हैं। पहले खरीफ फसल बर्बाद हुई थी अब रबी फसल प्रभावित होगी। प्रशासन को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराना चाहिए ताकि किसान परेशान हो।'' मनोज किरार, किसान झिरनिया ।

रबी फसल होगी प्रभावित : '' बगैरयूरिया छिड़काव के रबी फसल प्रभावित होगी। यूरिया का छिड़काव नहीं होने से फसल की बढ़वार नहीं होगी। इससे उत्पादन पर असर पड़ेगा। ''- नरेश कुशवाह, किसान धनौरा पठारी

वितरण प्रबंधन में गड़बड़ी : यूरिया की कमी है और किसान दिनभर लाइन में लगे रहते हैं। दिनभर परेशान होने के बावजूद नाममात्र यूरिया िमल रहा है। प्रशासन के प्रबंधन में गड़बड़ी है। '' बलीराम लोधी, किसान जंबार
सभी किसान परेशान : '' यूरियाको लेकर किसानों के अलावा शहरवासी भी परेशान हैं। यदि गांवों में सोसायटियों पर यूरिया उपलब्ध हो तो हम यहां नहीं आएंगे।''- महेंद्र चौबे, किसानपड़रिया
समितियों में नहीं यूरिया : '' यूरिया की बेहद कमी है। सहकारी समितियों पर एक बोरी भी यूरिया उपलब्ध नहीं हो रहा है। किसान इधर-उधर भटक रहे हैं।'' रमेश शर्मा, किसान गुरारिया

विदिशा। खरी फाटक स्थित एक निजी दुकान पर यूरिया लेने आए किसानों ने बेतरतीब तरीके से अपने वाहन खड़े कर दिए, इससे जाम लगा।