विदिशा। मंगलवार को दोपहर में शहर में जोरदार बारिश हुई। रुक-रुककर करीब दो घंटे तक बारिश होती रही। तेज बारिश के चलते शहर की सड़कों पर पानी ही पानी जमा हो गया था। कई इलाकों में तो पानी भरने से लोगों की आवाजाही तक बाधित हुई।
दोपहर करीब एक बजे से बारिश शुरु हो गई थी, जो कि किश्तों में दोपहर 3 बजे तक जारी रही। बारिश के दौरान तेज हवा भी चली। लोग बारिश के चलते जहां के तहां थम गए थे। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले भर में बारिश निल रही है। शहर में पिछले एक सप्ताह से मानसून बारिश लगातार हो रही है। इससे लोगों में अच्छी बारिश को लेकर चेहरों पर खुशी बनी हुई है।
जिले में मंगलवार की सुबह 8 बजे तक की स्थिति में अभी तक कुल 81.2 सेमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल इस अवधि में 144.4 सेमी बारिश दर्ज हुई थी। जिले की औसत बारिश 113.3 सेमी है। इस लिहाज से अभी और बारिश की दरकार बनी हुई है।
(विदिशा। तेज बारिश के बीच नीमताल से निकलती युवती।)