समय और अनुशासन की दी सीख:अशोक
विदिशा प्रतिभा विकास संस्थान के संस्थापक उपाध्यक्ष नरेंद्र ताम्रकार की 13वीं पुण्यतिथि प्रेरणा दिवस के रूप में मनाई गई।
आर्य समाज मंदिर के वैदिक सत्संग भवन में आयोजित कार्यक्रम के अध्यक्ष अशोक ताम्रकार पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि बड़े भाई नरेंद्र ताम्रकार जीवन मूल्यों को सदैव जीते रहे। संस्थान के विद्यार्थियों को समय का महत्व बताते हुए कहा कि जीवन में समय का पालन करने की केवल एक ही प्रेरणा अपना ले तो जीवन सफल हो जाएगा। विशेष अतिथि अतुल रतनशी शाह ने कहा कि नरेंद्र ताम्रकार का हर कार्य सदैव ही श्रेष्ठ रहा है। संस्कार कक्षाओं एवं लायंस इंटरनेशनल के माध्यम से उन्होंने जो कार्य किया उससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिली। संस्था अध्यक्ष इंजी. दिनेश वाजपेयी ने विद्यार्थियों को प्रेरणा दिवस का महत्व समझाते हुए नरेंद्र जी के जीवन के समयबद्धता और निर्भीकता जैसे गुणों को जीवन में धारण करने की सीख दी।