रोहतक. रोहतक में बुधवार को पड़ोसी देश नेपाल की युवती के साथ दरिंदगी हुई। यह घटना भी दिल्ली के निर्भया कांड से कम नहीं है। गुरुवार को पोस्टमार्टम में हैवानियत का पता चला। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस ने वारदात के संबंध में अहम सूचना देने वाले के लिए एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। वारदात की जांच कर रही एसआईटी के तहत सात टीमें बनाई गई हैं। मानसिक रूप से बीमार 28 साल की नेपाली युवती एक फरवरी से लापता हो गई थी। 4 फरवरी को उसका नग्न शव बहु अकबरपुर में मिला। युवती की बड़ी बहन इलाज के लिए उसे दो महीने पहले ही रोहतक लेकर आई थी।
इतनी निर्ममता कि रूह कांप उठे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवती के साथ हैवानियत के साथ दुष्कर्म किया गया। गुप्तांग में रॉड के घाव थे, शरीर के अंदर सीमेंट की चादर के टुकड़े, ब्लेड और कंडोम निकले हैं।
यही केस प्राथमिकता
एसपी शशांक आनंद का कहना है कि यह केस हमारे लिए प्राथमिकता है। मामले में हर एंगल पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नेताओं पर बिफरे लोग
शनिवार को कई नेता युवती के परिजनों से मिलने गए। लोगों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई। महिला आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल को परिजन ने दो टूक कहा कि दिखावा नहीं, कार्रवाई चाहिए। विधायक मनीष ग्रोवर, सांसद दीपेंद्र हुड्डा से भी नाराजगी जाहिर की। अखिल भारत नेपाली एकता मंच के प्रतिनिधि कूम बहादुर ने बताया कि प्रशासन ने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। न्याय के लिए वे नेपाली राजदूत व नेपाल सरकार से भी गुहार लगाएंगे।
बंगाल में तीन दिनों में बच्ची से दो बार सामूहिक दुष्कर्म
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में आठवीं क्लास की एक छात्रा से तीन दिनों के भीतर दो बार समूहिक दुष्कर्म किया गया। पिछले माह हुई घटना का खुलासा शुक्रवार को हुआ। अारोपियों में उसके पड़ोसी हैं। इनमें एक नाबालिग है।