कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में 20 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप की घटना के बाद एक अन्य शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। खबरों के मुताबिक पश्चिमी मिदनापुर के बेल्दा में 6 साल की बच्ची के साथ बलात्कार हुआ है। कथित तौर पर बच्ची के साथ 55 वर्षीय अधेड़ ने बलात्कार किया है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक आरोपी बिस्तुपादा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़िता को इलाज के लिए मिदनापुर मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस में शिकायत करने वाले पीड़ित लड़की के परिजनों ने बताया कि आरोपी उनकी बच्ची को सुनसान जगह ले गया और गलत काम किया। बच्ची के घर लौटने पर घरवालों को इस बारे में मालूम चला। बच्ची की मेडिकल जांच की गई है। पुलिस के मुताबिक बच्ची के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
वहीं, दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में
'कंगारू पंचायत' के आदेश पर 20 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप करने के सभी 13 आरोपियों को 13 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। देश को झकझोर देने वाली इस घटना की भर्त्सना अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी की है और भारत को महिलाओं के लिए अत्यधिक असुरक्षित जगह बताया। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लेते हुए ममता बैनर्जी सरकार को एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने बीरभूम जिला जज को घटनास्थल का दौरा कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश पी. सतशिवम ने इस घटना पर कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। हमने इसपर स्वतः संज्ञान लिया है और जांच के आदेश दिए हैं।"
(फोटोः बीस साल की युवती का गैंग रेप करने वाले अभियुक्त)
आगे की स्लाइड्स में पढ़ें- ममता ने दिए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश