चेन्नई. जयललिता की करीबी रहीं शशिकला अब बेंगलुरु सेंट्रल जेल में हैं। यहां शुक्रवार को उनका दूसरा दिन था। शशिकला ने अफसरों से कहा- ''मैं कोई चोर नहीं हूं। आम कैदियों की तरह खुली पुलिस जीप में नहीं बैठूंगी। मैं पैदल चल सकती हूं। दूरी चाहे जितनी भी हो।'' बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बेहिसाब प्रॉपर्टी रखने का दोषी माना है। पिछले हफ्ते तक तमिलनाडु की सीएम बनने का सपना देखने वाली शशिकला अब 4 साल जेल की चार दीवारों के बीच गुजारेंगी। शशिकला ने अफसरों से क्या कहा...
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शशिकला चाहती हैं कि उन्हें आम कैदियों की तरह पुलिस जीप में ना बैठाया जाए। जेल में उन्होंने पैदल घूमने की इच्छा जताई है। दूसरे दिन शशिकला को देखकर लगा कि वे बेहद गुस्से और तनाव में थीं। पहले दिन मेडिटेशन भी किया था। हालांकि अब उनकी तबीयत एकदम ठीक है।
- शशिकला ने जेल में ए-क्लास सेल मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने इसे ठुकरा दिया। कहा- वे सीएम नहीं हैं, इसलिए फैसिलिटीज नहीं मिलेंगी। वो दो अन्य महिला कैदियों के साथ जनरल सेल में हैं।
अफसर बोले- कोई VIP ट्रीटमेंट नहीं, शशिकला चाहें तो काम करें
- डीजी (जेल) एचएन. सत्यनारायण राव ने बताया, ''उन्हें कोई काम नहीं दिया, चाहें तो मोमबत्ती बना सकती हैं।''
- ''जेल में गुरुवार को शशिकला का पहला दिन आम कैदियों की तरह ही बीता। कोई खास ट्रीटमेंट नहीं दिया गया।''
- ''सुबह नाश्ते में कुछ चावल खाए। दिन में सफेद साड़ी पहने जेल ग्राउंड में घूमती दिखीं। कुछ लोगों ने ताने भी कसे।''
- ''बेंगलुरु से उनके कुछ पार्टी सपोर्टर मिलने आए, जिन्हें इसकी इजाजत नहीं दी गई।''
चंद कपड़ों में गुजारा करेंगी शशिकला
- जयललिता की सबसे करीबी शशिकला के पास पारापन्ना अग्रहारा जेल में एशो आराम के नाम पर कुछ नहीं होगा।
- जेल में उनकी पहचान कैदी नंबर 9234 है। करोड़ों रुपए प्रॉपर्टी की मालकिन और पोएस गार्डन में रहने वाली शशिकला अब चंद कपड़ों में गुजारा करेंगी।
- मोमबत्ती बनाने के बदले रोज 50 रुपए मिलेंगे। खाने में उन्हें सांभर और चावल दिया जा रहा है। कुछ फ्रूट्स और दवाइयां साथ ले गई हैं।
- बुधवार शाम 6.30 बजे शशिकला जेल की महिला सेल में पहुंची थीं। उनके साथ दो और आरोपियों ने सरेंडर किया था।
जेल में शशिकला के पास अब क्या रहेगा?
- शशिकला की सेल में एक फैन है। उन्हें एक तकिया, एक कंबल और एक चादर दिया गया है। उन्हें रोज दो न्यूजपेपर्स जरूर मिलेंगे।
- पोएस गार्डन जैसे आलीशान घर में रहने वाली शशिकला को जेल में कोई पलंग नहीं मिलेगा। जमीन पर ही सोना होगा।
- उन्हें तीन साड़ी रखने की इजाजत होगी। जेल जाने के पहले उन्होंने पति और कुछ रिश्तेदारों से बातचीत की थी।
शशिकला पर फिल्म बनाएंगे रामगोपाल
- डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा शशिकला पर फिल्म बनाने की तैयारी में हैं। ये एक बायोपिक होगी।
- RGV का दावा है कि फिल्म ऑडियंस के लिए अकल्पनीय और चौंकाने वाली होगी। इसका टाइटल 'शशिकला' होगा।
- कहानी जया और शशिकला के इर्दगिर्द घूमेगी। जिसे मन्नारगुड़ी माफिया का कोई मेंबर आसानी से समझ पाएगा।
- रामगोपाल वर्मा, फिलहाल सरकार-3 की शूटिंग के आखिरी दौर में बिजी हैं। इसमें अमिताभ, यामी गौतम और मनोज वाजपेयी लीड रोल में हैं।