पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • I Am Not 14 Year Old Boy, Who Will Be Impressed By Cuss Words: Aamir Khan

एआईबी से आमिर निराश, कहा, मैं 14 साल का लड़का नहीं, जो भद्दे शब्दों से प्रभावित हो जाउंगा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. जहां, बॉलिवुड के अधिकतर सेलिब्रिटी विवादित शो एआईबी का समर्थन कर रहे हैं, वहीं मिस्टसर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इस शो के खिलाफ सामने आ गए हैं। आमिर के मुताबिक, शो ने उन्हें निराश किया है। आमिर ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, 'मैं 14 साल का लड़का नहीं हूं, जो ऐसे भद्दे शब्दों से प्रभावित हो जाउंगा। अगर आप मुझे हंसाना चाहते हैं, तो आप ऐसा हास्य पेश करें, जो किसी का दिल न दुखाता हो।' वहीं, शो के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है।
एक प्रेस मीट के दौरान पत्रकारों से बातचीत में आमिर ने कहा, सबसे पहले मैं यह बात साफ कर देना चाहता हूं कि मैंने पूरा शो नहीं देखा है, बल्कि इसकी कुछ क्लिप्स देखी हैं। मुझे लगता है कि शो का कंटेंट काफी हिंसक है और मैं इस बात से निराश हूं कि मेरे दोस्त करण जौहर और अर्जुन कपूर इसका हिस्सा हैं। आमिर ने कहा, 'जब आप किसी का अपमान करते हो, तो वह हिंसा से कम नहीं है। मुझे यह नापसंद है।'
हाई कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी किया
सोशल एक्टिविस्ट डॉ. शर्मिला घुगे ने हाई कोर्ट में अपनी याचिका में कहा है कि 28 जनवरी को यू-ट्यूब पर अपलोड होने के बाद शो को एक करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा। शो में करण जौहर, अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह जैसे कई फिल्मी सितारे शामिल हुए और अत्यंत भद्दे शब्द और जोक्स कहे। ये शब्द न सिर्फ महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैँ, बल्कि देश के संस्कारों के भी खिलाफ हैं। शो में दिखाया गया कंटेंट भारतीय दंड संहिता की धारा 292 (सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील हरकतें करना) और 294 (अश्लील सामग्री प्रचारित करना) का भी उल्लंघन करता है। डॉ. शर्मिला ने कोर्ट से ऐसी कार्यक्रमों के यू-ट्यूब व अन्य वीडिया शेयरिंग साइट्स पर अपलोड करने के लिए गाइडलाइंस जारी करने की अपील भी की। हाई कोर्ट ने अब केंद्र, महाराष्ट्र सरकार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी कर इस बारे में जवाब देने को कहा है।