(फोटोः पीके का पोस्टर।)
मुंबई. आमिर खान की 'पीके' 19 दिसंबर को रिलीज हो रही है। डायरेक्टर
राजकुमार हिरानी की इस फिल्म में आमिर अपनी लुक और प्रमोशन के तौर-तरीकों से पहले ही काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं। ट्रांजिस्टर के साथ आए आमिर के पहले पोस्टर के बाद से फिल्म के सब्जेक्ट को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन आमिर ने इस बारे में अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने पीके का किरदार निभाने में आई दिक्कतों का जिक्र जरूर किया।
आमिर ने न्यूयॉर्क के 'देसी प्रेस' को बताया कि कैसे उन्होंने खुद को इस किरदार के लिए तैयार किया, क्या-क्या तरीके अपनाए और रोल के लिए कैसे खुद को तैयार किया। इनके बारे में पीके की टीम भी नहीं जानती। इस बातचीत में आमिर ने कई ऐसी बातें बताईं, जो अफवाहों से बिल्कुल अलग थीं।
अब तक का सबसे चुनौती भरा रोल
आमिर ने बताया कि पीके में उनका किरदार उनके लिए अब तक का सबसे कठिन किरदार रहा है। आमिर ने बताया कि रोल सुनने के बाद खुद को दिमागी तौर पर तैयार करने में उन्हें काफी समय लगा। आमिर को कुछ शारीरिक परिवर्तन भी करने पड़े, जैसे पीके में आमिर के किरदार के कान, जो उन्हें बड़े और बाहर की ओर दिखाने थे। इसके लिए उन्हें कई दिनों तक मेहनत करनी पड़ी।
ग्रीन लेंस पहने, बॉडी मूवमेंट कंट्रोल किया
फिल्म में किरदार के लिए आमिर ने हरे रंग के लेंस पहने थे। आमिर ने कहा कि इसके अलावा एक और दिक्कत आई। फिल्म में जब वे चलते या दौड़ते हैं, तो उनके हाथ नहीं हिलते। हाथों पर कंट्रोल करने में उन्हें खासी दिक्कत आई, क्योंकि यह प्राकृतिक है कि चलते समय इंसान के हाथ आगे-पीछे हों।
चार महीने में सीखी भोजपुरी-
आमिर के लिए फिल्म में उनकी बोली भी बड़ी दिक्कत बनी। उन्होंने बताया कि भोजपुरी एक्सेंट सीखने में उन्हें तीन से चार महीने लगे। आमिर ने कहा, "भोजपुरी एक्सेंट सीखने के लिए एक्सपर्ट शांति भूषण की मदद ली। उन्होंने मुझे हर एक लाइन को बोलने का तरीका सिखाया और मैंने एक-एक लाइन लिखी। मैंने इसी आधार पर अपने डायलॉग्स याद किए। शूटिंग शुरू होने के चार महीने पहले ही मैंने यह कवायद शुरू कर दी थी।" आमिर ने कहा, "स्क्रिप्ट में उनके किरदार को खड़ी बोली या हिंदुस्तानी बोलनी थी, लेकिन मैंने राजू को सलाह दी कि भोजपुरी बोलना चाहिए। उसने तुरंत मान लिया।"
आंखों के झपकने पर कंट्रोल
इसके अलावा फिल्म में उनकी आंखें भी नहीं झपकतीं, जिसे कंट्रोल करने में उन्हें बहुत मेहनत करनी पड़ी। आमिर ने बताया, "ये बेहद मुश्किल था। लेंस पहनने के बाद आंखें झपकती हैं और आपको हर चीज चमकती हुई लगती है।" आमिर ने बताया "इसके लिए मैंने अपने सामने एक ऑब्जेक्ट या व्यक्ति को खड़ा कर प्रैक्टिस की, ताकि दिमागी तौर पर तैयार रह सकूं। खासकर तब, जब मेरा सिर जो हमेशा हिलता रहता हो, जैसा किरदार है। इस तरीके ने मेरी बहुत मदद की।"
आगे देखें तस्वीरों में, फिल्म प्रमोशन के अनोखे तरीके अपना रहे आमिर...