गांधीनगर. दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आए तमाम एग्जिट पोल बता रहे थे कि वहां बीजेपी को हार का सामना करना पड़ सकता है। ये पोल साफ दिखा रहे थे कि आम आदमी पार्टी
अमित शाह और बीजेपी की जोड़ी को शिकस्त देने जा रही है। अमित शाह के लिए ये नतीजे खास तौर पर महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि मंगलवार को ही चुनाव नतीजे आ रहे हैं और मंगलवार को ही गांधीनगर में अमित शाह के बेटे जय की शादी है। (
वोटों की काउंटिंग का अपडेट पढ़ें)
अब भाजपा के नेताओं की परेशानी यह है कि वे देश के दिल दिल्ली में संभावित पराजय को स्वीकार करें या शाह के बेटे की शादी में जश्न मनाएं। जहां तक शाह की बात है तो वह दिल्ली में अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद अब अहमदाबाज में व्यस्त हो गए हैं। भाजपा के एक नेता ने कहा कि अमित शाह संभावित नतीजों को लेकर परेशान हैं और यह समझ नहीं पा रहे हैं कि वे अपने बेटे की शादी को कैसे सेलिब्रेट करें। पहले ये माना जा रहा था कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी शाह के बेटे की शादी में जाएंगे, लेकिन अब यह तय हो गया है कि मोदी यहां नहीं आएंगे। इसके पहले अमित शाह के भतीजे की शादी में भी मोदी नहीं जा पाए थे।
कुल तीन रिसेप्शन होंगे, दो अहमदाबाद और एक दिल्ली में
वैसे, अमित शाह 15 फरवरी को दिल्ली में एक रिसेप्शन दे रहे हैं, जिसमें राजनीति जगत के अलावा अन्य क्षेत्रों की मशहूर हस्तियां शिरकत करेंगी। सूत्र बता रहे हैं कि वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गुजरात भाजपा के मुखिया दिनेश शर्मा इस शादी में पहुंच रहे हैं। सूत्र ये भी बता रहे हैं कि भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और इस सांसद इस शादी में पहुंचेंगे। दिल्ली के अलावा, एक और रिसेप्शन अहमदाबाद के कर्नावती क्लब में आयोजित किया जाएगा। इसमें गुजरात की चीफ मिनिस्टर आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि होंगी। इसमें गुजरात के तमाम एमएलए, एमपी और विपक्ष के नेता भी शामिल होंगे। बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी और गौतम अडाणी को भी निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी को होने वाले इस रिसेप्शन में कुल 3 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है।