बीबोन वायरस से है कंप्यूटरों को खतरा, 20 नकली नामों से कर रहा एटैक
नई दिल्ली. भारतीय साइबरस्पेस में खतरनाक नए कंप्यूटर वायरस बीबोन का पता चला है। इंटरनेट सुरक्षा एजेंसियों ने इंडियन साइबरस्पेस में इसकी मौजूदगी का पता लगाया है। इंटरनेट सुरक्षा से जुड़े लोगों ने चेतावनी दी है कि इसके हमलों से अपने कंप्यूटर को सुरक्षित करें। बीबोन ट्रोजन मालवेयर्स से संबंधित है। यह 20 नकली नामों से फर्जी पहचान बनाकर कंप्यूटरों पर हमला करता है। सर्ट-इन (कंप्यूटर इमर्जेसी रिस्पांस टीम-इंडिया) ने कंप्यूटर और इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों को इस बाबत आगाह किया है। सर्ट-इन के मुताबिक कमजोर सुरक्षा तंत्र वाले कंप्यूटर इसके शिकार बन रहे हैं। सर्ट-इन ने बीबोन से बचने के लिए जारी एडवाइजरी में बचने के उपाय सुझाए हैं। एजेंसी ने पेन ड्राइव या इस तरह के अन्य उपकरण लगाने और विंडोज में ऑटोरन को बंद करने की सलाह दी है। एंटी वायरस का इस्तेमाल और अंजान वेबसाइटों से सामग्री डाउनलोड ना करने के भी निर्देश दिए गए हैं। पायरेटेड सॉफ्टवेयर के प्रयोग या उसे डाउनलोड करने से बचने को कहा गया है।