मुंबई: राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर गठबंधन टूटने की अटकलों के बीच सोमवार को शिवसेना प्रमुख
उद्धव ठाकरे ने साफ कर दिया कि बीजेपी को 135 सीटें देना संभव नहीं है। ठाकरे के मुताबिक उन्होंने अपनी भूमिका के बारे में बीजेपी को बता दिया है। लेकिन गठबंधन टूटने की खबरों के बारे में ठाकरे ने कहा कि चुनाव से पहले ऐसी खबरें आती हैं। शिवसेना सुप्रीमो ने कहा कि बीजेपी से बातचीत जारी है और दोनों पार्टियों के बीच गठजोड़ बरकरार रहेगा।
इस बीच, बीजेपी महासचिव राजीव प्रताप रूडी सोमवार शाम को मुंबई पहुंचे। अटकल लगाई जा रही है कि रूडी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिल सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीटों के बंटवारे पर शिवसेना के अड़ियल रूख को लेकर रूडी बीजेपी नेतृत्व की नाराजगी उद्धव के सामने जाहिर करेंगे।
बता दें कि
दोनों सहयोगी पार्टियों के बीच खटास बढ़ने की खबरें लगातार आ रही हैं। रविवार को महाराष्ट्र बीजेपी के प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा था कि उद्धव ठाकरे ने
नरेंद्र मोदी का अपमान किया है और बीजेपी कार्यकर्ता सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत नहीं चाहते। माधव के मुताबिक, कार्यकर्ता तो यहां तक चाहते हैं कि बीजेपी चुनावों में अपनी राह अलग कर ले। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि कुछ राज्यों में मोदी लहर अपना असर दिखाने में असफल रही। ऐसे में लोकसभा चुनावों में मिली जीत का श्रेय क्षेत्रीय पार्टियों को भी दिया जाना चाहिए। बीजेपी कार्यकर्ता उद्धव के इस बयान से नाराज बताए जा रहे हैं। बता दें कि उद्धव ने खुद को सीएम कैंडिडेट भी घोषित कर दिया। सीएम प्रत्याशी बनाए जाने से जुड़े सवाल पर उद्धव ने कहा था कि अगर उन्हें जिम्मेदारी मिलती है तो वह पीछे नहीं हटेंगे और राज्य को नंबर वन बनाकर ही दम लेंगे।
मामला ठंडा करने की कोशिश
इस तरह की खबरें भी आ रही हैं कि दोनों पार्टियां गठबंधन न होने की सूरत में अकेले मैदान में उतरने और प्रत्याशी घोषित करने की तैयारियों में जुट गई हैं। हालांकि, बीजेपी के बड़े नेता रविवार को मामले को ठंडा करते नजर आए। बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन अटूट है। रूडी के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष
अमित शाह ने सीटों के बंटवारे को लेकर उद्धव को एक प्रस्ताव दिया था, जिस पर जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
क्या है विवाद
लोकसभा चुनावों में मिली धमाकेदार कामयाबी के बाद उत्साहित बीजेपी महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर को होने वाले चुनावों के लिए आधे सीट मांग रही है, जिसके लिए शिवसेना राजी नहीं है। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि सीट आवंटन के फॉर्म्युले में काई बदलाव नहीं होगा और शिवसेना 150 से कम सीटों पर नहीं मानेगी। विवाद उस वक्त बढ़ गया, जब खबरें आईं कि जिन सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ चुकी है, शिवसेना उनके लिए भी कैंडिडेट्स का इंटरव्यू कर रही है। बता दें कि दोनों पार्टियों के बीच 1989 में गठबंधन हुआ था। 2009 में शिवसेना 169, जबकि बीजेपी 119 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।
आगे की स्लाइड में पढ़ें: जानें, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के पांच बड़े नेताओं के बारे में